फतेहपुर (उ.प्र.) : जिले के थाना कल्याणपुर स्थित ममरेजपुर गांव का रहने वाला 23 साल का नयन कैथल अपनी जिंदगी में खुश था, उसके परिवार में खुशियां थी, सब कुछ सही चल रहा था, इसके साथ ही वह पिछले 3 सालों से एक मुस्लिम लड़की के साथ संबंधों में भी था। वह उसको खूब प्यार करता था। लड़की भी उसको प्यार करती थी। वहीँ अलग -अलग धर्मों का होने की वजह से लड़की के परिजनों को ये रिश्ता मंजूर नहीं था। अब 3 साल बाद इस रिश्ते में कुछ ऐसा हुआ है, जिसने नयन के परिजनों को आजीवन विलाप करने को मजबूर कर दिया है।
मामले के अनुसार नयन की बॉडी के कई हिस्से रेलवे ट्रैक पर पड़े मिले हैं और उसके सोशल मीडिया पर उसकी एक वीडियो भी है, जिसमें उसने बताया है कि वह दुनिया छोड़ रहा है। इसके बाद उसने ट्रेन के सामने आकर अपनी जान दे दी है। इस घटना से उसके परिवार वाले स्तब्ध है, बता दें कि युवक ने मौत का जिम्मेदार प्रेमिका और उसके परिजनों को ठहराया है।बताया जा रहा है कि मृतक लाखों रुपये प्रेमिका के ऊपर खर्च भी कर चुका था। फिर अचानक ऐसा क्या हुआ कि उसको ये खौफनाक कदम उठाना पड़ा?
3 साल से था रिश्ता :
मामले को लेकर पीड़ित परिवार ने नयन की प्रेमिका, उसके भाई जावेद और उसके पिता असलम पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि नयन और युवती के बीच 3 सालों से प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों की मुलाकात कौशल विकास प्रशिक्षण केंद्र में हुई थी, तभी से दोनों संपर्क में थे और दोनों को एक – दूसरे से प्यार हो गया था।
इसी बीच लड़की की शादी दूसरी जगह तय हो गई थी। वहीँ लड़की के परिजन भी लगातार नयन को धमका रहे थे। मामले में आरोप है कि एक दिन पहले ही नयन 10 हजार रुपये प्रेमिका को देने गया था। उस दौरान लड़की के परिजनों ने उससे जमकर मारपीट की थी। इस घटना से नयन काफी दुखी था। वहीँ मौत से पहले भी नयन ने अपने इस कदम का जिम्मेदार प्रेमिका और उसके परिजनों को ठहराया है। वीडियो के आखिर में वह सॉरी मां-पापा भी कह रहा है।
नयन ने वीडियो में कहा है कि उसकी प्रेमिका के परिजनों ने खूब प्रताड़ित किया है और उसे प्रेमिका से दूर कर दिया है। उसने अपने लिए इंसाफ की मांग भी की है। बता दें कि पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच में जुट गई है।



