रायपुर : बिजली विभाग द्वारा स्मार्ट मीटर लगाने के बाद अगर आपका बिजली बिल समय पर नहीं चुकाया जाता है तो घर बैठे ही आपकी लाईन काट दी जायेगी, ऐसे में छत्तीसगढ़ के बिजली उपभोक्ताओं को अब हर महीने उनका बिजली बिल सीधे व्हाट्सएप पर मिलेगा। इस मामले में छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (CSPDCL) ने उपभोक्ताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यह नई डिजिटल सेवा शुरू की है। जिसके तहत बिल पीडीएफ फॉर्मेट में भेजा जायेगा, इसके साथ ही बिल चुकाने के लिये भुगतान का लिंक भी दिया जायेगा।
व्हाट्सएप पर मिलने वाले बिल को उपभोक्ता अपने मोबाईल में डाउनलोड कर सुरक्षित रख सकेंगे। जरूरत पड़ने पर उसका प्रिंट भी निकाल सकेंगे। इसके साथ ही बिल संदेश में ही एक क्लिक पर ऑनलाईन भुगतान का विकल्प भी दिया जायेगा, जिससे भुगतान प्रक्रिया आसान और तेज हो जायेगी। वहीँ से आप प्रोसेस करते हुये अपना बिल चुका सकेंगे।
30 लाख व्हाट्सएप उपभोक्ताओं को मिलेगा लाभ
प्रदेश में कुल 65 लाख बिजली उपभोक्ता हैं। जिनमें से 40 लाख के मोबाइल नंबर कंपनी में रजिस्टर्ड हैं। इनमें लगभग 30 लाख उपभोक्ता व्हाट्सएप का इस्तेमा करते हैं। कंपनी इन उपभोक्ताओं तक चरणबद्ध तरीके से व्हाट्सएप के माध्यम से बिजली बिल भेजेगी। बिजली बिल का व्हाट्सएप संदेश छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड की आधिकारिक और सत्यापित पहचान से भेजा जायेगा। जिस पर ब्लू टिक भी लगा रहेगा। इसके साथ ही आधिकारिक मोबाइल नंबर 942555-1912 दर्ज होगा, जिससे उपभोक्ता फर्जी मैसेज से सतर्क रह सकें।
मीटर रीडिंग के बाद तुरंत मिलेगा पूरा बिल :
कंपनी के अनुसार, जैसे ही मीटर की रीडिंग दर्ज होगी, उपभोक्ता को व्हाट्सएप पर पूरा डिटेल बिल पीडीएफ के रूप में मिल जायेगा। यह सुविधा हिंदी, छत्तीसगढ़ी और अंग्रेजी भाषा में उपलब्ध होगी। जिसके लिए उपभोक्ता मोर बिजली एप में भाषा की प्राथमिकता को चुन सकते हैं। इसके साथ ही आपको बता दें कि जिन उपभोक्ताओं का व्हाट्सएप नंबर रजिस्टर्ड नहीं है, वे टोल फ्री नंबर 1912 पर कॉल कर या मोर बिजली एप के जरिए नंबर दर्ज करा सकते हैं। इसके लिए उपभोक्ता को 10 अंकों का बीपी नंबर और अंतिम बिल भुगतान की जानकारी देनी होगी। प्रबंध निदेशक भीमसिंह कंवर ने उपभोक्ताओं से इस सुविधा का अधिक से अधिक लाभ लेने की अपील की है।



