सोना चांदी में फिर आया बड़ा उछाल, जानें आज का भाव।

नई दिल्ली :  भारतीय सराफा बाजार में आज एक बार फिर सोने और चांदी की कीमतों ने छलांग लगा दी है। शादियों के सीजन के बीच आई तेजी ने जहां आम खरीदारों के बजट को बिगाड़ दिया है, तो वहीं निवेशकों के चेहरे पर चमक ला दी है। सोमवार को बाजार खुलते ही सोने की कीमतों में 2200 रुपये प्रति 10 ग्राम की भारी बढ़ोत्तरी दर्ज की गई है, जबकि चांदी की कीमतों में 12,000 रुपये प्रति किलो का ऐतिहासिक उछाल देखने को मिला है।

मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर सोमवार को सुबह 9:05 बजे चांदी 12,605 रुपये की तेजी के साथ 2,62,497 रुपये प्रति किलोग्राम के स्तर पर पहुंच गई। गोल्ड की बात की जाए तो बीते ट्रेडिंग सेशन से करीब 2200 रुपय चढ़कर सोना 1,57,655 रुपये प्रति 10 ग्राम पहुंच गया है। वहीं, 22 कैरेट सोने की कीमत 1,44,037 रुपये और 18 कैरेट की कीमत 1,17,848 रुपये पहुंच गई है। वैश्विक और घरेलू दोनों ही स्तरों पर कुछ ऐसे फैक्टर्स एक्टिव हुए हैं जिन्होंने पीली धातु को ‘रॉकेट’ बना दिया है।

दिल्ली के कई बड़े जौहरी का कहना है कि हमें उम्मीद थी कि भाव बढ़ेंगे, लेकिन इतनी बड़ी तेजी ने ग्राहकों को चौंका दिया है। कई लोग जो आज बुकिंग करने वाले थे, वे अब भाव गिरने का इंतजार कर रहे हैं। भारत में शादियों का सीजन अपने चरम पर है, जिससे जेवरों की मांग में अचानक भारी वृद्धि हुई है। मांग और आपूर्ति के इसी असंतुलन ने घरेलू बाजार में कीमतों को आसमान पर पहुंचा दिया है। अंतर्राष्ट्रीय बाजार में डॉलर की कमजोरी और भू-राजनीतिक तनाव के कारण निवेशक अब शेयर बाजार के बजाय सुरक्षित निवेश के रूप में सोने-चांदी को प्रायोरिटी दे रहे हैं।