हैदराबाद (तेलंगाना) : हैदराबाद में ओवैसी बंधू और टाइगर राजा लोकप्रिय है, वहीँ अब आपको बता दें कि, हैदराबाद के आसिफ नगर के सीतारामबाग मंदिर से सुल्तान बाज़ार के हनुमान व्यायाम शाला तक शुक्रवार (27 मार्च) को रामनवमी शोभा यात्रा निकाली जायेगी, जिसमें लगभग 2 लाख लोगों के शामिल होने की संभावना है। हर वर्ष यहाँ प्रशासन मुस्तैद रहता है। इस शोभा यात्रा में क्षेत्रिय विधायक राजा सिंह भी शामिल होंगे। जिसके बाद इन चीजों को देखते हुए हैदराबाद का पुलिस प्रशासन सचेत है और शहर की सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता करने के लिए लगभग 1500 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है, जिससे किसी प्रकार का कोई बखेड़ा खड़ा ना हो।
इसके साथ ही शोभा यात्रा जिस मार्ग से होकर निकलनी है, उस पूरे मार्ग पर स्थित मस्जिदों और दरगाहों को कपड़ों से ढँक दिया गया है। ऐसा प्रतिवर्ष किया जाता है। इससे पहले पुलिस कमिश्नर, वीसी सज्जनार और जॉइंट पुलिस कमिश्नर, तफसीक इकबाल ने शोभा यात्रा वाले मार्ग की इंस्पेक्शन की है और अधिकारियों को जरूरी इंतज़ाम करने के निर्देश दिये गये है। मीडिया की खबरों के मुताबिक मुख्य शोभायात्रा श्री रामनवमी उत्सव कमेटी निकालेगी और विधायक राजा सिंह आकाशपुरी हनुमान मंदिर से एक श्रद्धांजलि शोभायात्रा भी निकालेंगे और मंगलहाट रोड पर मुख्य शोभायात्रा में भी शामिल होंगे। जिसमें लाखों की संख्या में भीड़ जुटने की सम्भावना है।
वहीँ क्षेत्रिय विधायक राजा सिंह ने अपनी हत्या की आशंका भी जताई है। उन्होंने दावा किया है कि उन्हें एक धमकी भरा पत्र मिला है, जिसमें उन्हें शोभा यात्रा के दौरान जान से मारने की धमकी दी गई है। जिसको लेकर विधायक राजा सिंह ने दावा किया है कि शोभा यात्रा के दौरान उन्हें स्नाइपर्स निशाना बनाने आयेंगे और आतंकवादी शोभा यात्रा के दौरान दो जगहों पर बम भी रखेंगे। इसको लेकर बीते 22 मार्च को राजा सिंह ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह को पत्र लिखकर अपनी और अपने परिवार के लिए सुरक्षा कवर देने की मांग की थी। इसी पत्र में उन्होंने धमकी भी दी कि अगर मेरे परिवार के किसी सदस्य को कोई नुकसान होता है, तो मैं खुद हथियार उठाऊँगा और जिम्मेदार लोगों को खत्म कर दूँगा, जिसके लिये मै जिम्मेदार नहीं रहूँगा।



