मोबाईल दुकान में डेटोनेटर फेंक किया धमाका, संचालक हुआ घायल, सामने आया चौंकाने वाला मामला।

जांजगीर-चांपा : छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले से एक सनसनीखेज घटना सामने आई है, इस घटना से स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल बन गया है। यहां एक मोबाईल दुकान में देर रात डेटोनेटर से धमाका किया गया है, इस घटना के समय दुकानदार शटर बंद कर अंदर ही काम कर रहा था, तभी अज्ञात आरोपियों ने शटर के नीचे के भीतर डेटोनेटर फेंक दिए, जिसके बाद खतरे को भांपते हुए युवक ने उसे लात मारकर बाहर फेंकने की कोशिश की, लेकिन जोरदार धमाका हो गया, जिससे उसके पैर में गंभीर चोट आई है, इस विस्फोट की वजह से दुकान के अंदर रखा सामान भी क्षतिग्रस्त हो गया। इस घटना से क्षेत्र में दहशत फैल गई। थाने में सूचना देने के बाद इस मामले की कार्यवाही मुलमुला थाना क्षेत्र के अंतर्गत की गई है।

जानकारी के मुताबिक, आरोपियों ने दुकान में एक साथ 4 डेटोनेटर फेंका था, जिसमें से एक सक्रिय होकर फट गया। वहीँ राहत की बात रही कि संचालक ने समय रहते डेटोनेटर को दुकान से बाहर कर दिया, जिससे बड़ी दुर्घटना होने से टल गई। इससे गम्भीर हादसा हो सकता था।

पति-पत्नी के बीच विवाद शांत कराने गया था युवक :

पीड़ित द्वारा इस घटना की जानकारी मिलने पर मुलमुला पुलिस ने घटनास्थल पहुंच कर जांच शुरू की, रविवार को फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से सबूतों को एकत्रित किया गया। डीएसपी प्रदीप सोरी ने घायल भूपेंद्र साहू से पूछताछ की। इस दौरान भूपेंद्र ने बताया कि उसे रमन केवट नाम के व्यक्ति पर संदेह है। शनिवार को रमन और उसकी पत्नी के बीच विवाद हो रहा था, जिसे शांत कराने वह वहां गया था। वहीँ अब आशंका जताई जा रही है कि इसी बात को लेकर आरोपी ने उससे रंजिश रखी होगी। बयान दर्ज करने के बाद पुलिस ने रमन केवट को हिरासत में लिया गया है।

जानकारी के अनुसार अकलतरा थाना क्षेत्र के पकरिया गांव निवासी रमन केवट वर्तमान में अपनी पत्नी के साथ बनाहिल में किराए के मकान में रह रहा था। रमन की पत्नी और भूपेंद्र साहू एक-दूसरे को पहले से जानते हैं, वो दोनों एक ही गांव के बताये गये हैं, शनिवार को भूपेंद्र ने रमन द्वारा पत्नी से मारपीट की जानकारी उसके ससुर को दी, उन्होंने भूपेंद्र को ही विवाद शांत कराने के लिए भेजा और फिर इसके बाद देर रात हुई डेटोनेटर ब्लास्ट की घटना ने रमन केवट को संदेह के घेरे में ला खड़ा किया है। फिलहाल मामले की जांच पड़ताल की जा रही है। मामले में पुलिस ने पूछताछ और जाँच की बात कही है।