रायपुर : सोशल मीडिया में बेहिसाब विभिन्न तरह के उटपटांग सन्देश और चैट चलती रहती है, जो काफी गहराई से मानसिक आघात भी पहुंचाती है, वहीँ अब राजधानी में एक संवेदनशील मामला सामने आया है, जहां एक पुलिस अधिकारी (DSP) की बेटी कंटेंट क्रिएटर निवेदिता मंडावी को अपहरण और सामूहिक दुष्कर्म की धमकी दी गई है। इस पूरे मामले का खुलासा आरोपियों के बीच हुई चैट सामने आने के बाद हुआ। पुलिस ने इस मामले में केशकाल थाने में एफआईआर दर्ज कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के मुताबिक, युवती सोशल मीडिया पर सक्रिय है और आदिवासी संस्कृति व परंपराओं से जुड़े विषयों पर कंटेंट बनाती है। इसी को लेकर कुछ युवकों ने उसे निशाना बनाते हुए अपहरण और सामूहिक दुष्कर्म की योजना बनाई थी। चैट सामने आने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्यवाही करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया और तुरंत कार्यवाही की गई। आरोपियों के मोबाईल और अन्य डिजिटल साक्ष्य जब्त कर जांच की जा रही है। जिसके आधार पर आगे की कार्यवाही की जायेगी।
पुलिस के अनुसार, आरोपी युवती की सोशल मीडिया गतिविधियों पर नजर रखे हुए थे और उसी के आधार पर साजिश रची गई थी। फिलहाल मामले की विस्तृत जांच जारी है और अन्य संभावित आरोपियों की तलाश भी की जा रही है।
पुलिस को दें संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी :
इस मामले को लेकर पुलिस अधिकारी विकास बघेल ने कहा कि जैसे ही आपत्तिजनक चैट की जानकारी मिली, पुलिस ने तुरंत कार्यवाही करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, मामला पुलिस अधिकारी से जुड़ा होने के कारण मामले में तुरंत कार्यवाही की गई है। इस मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि सोशल मीडिया के माध्यम से किसी भी प्रकार की आपराधिक साजिश को बर्दाश्त नहीं किया जायेगा। कोंडागांव एएसपी कपिल चंद्रा ने कहा कि मामले की शिकायत पर जांच के बाद चार आरेापियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने लोगों से सतर्क रहने और संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी तुरंत देने की अपील की है।



