दुर्ग/भिलाई : राज्य में बलात्कार के मामले लगातार बढ़ते ही जा रहे है, आम लोगों ने इसके लिये शराब को जिम्मेदार बताया है, छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में पांच साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। यहाँ जांच के बाद दुष्कर्म की पुष्टि डॉक्टर ने कर दी है। वहीं घटना की जानकारी मिलते ही आक्रोशित लोगों ने उतई थाने का घेराव कर दिया है। बड़ी संख्या में महिलाएं और युवक थाने पहुंचे। मोहल्लेवासी थाने के सामने धरने पर बैठकर आरोपी धनेश्वर साहू को फांसी की सजा देने की मांग करते हुए नारेबाजी की है। फिलहाल पुलिस आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। यह पूरा मामला उतई थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक, बच्ची सुबह 11 बजे स्कूल से आने के बाद अपने दादी से पैसे लेकर दुकान गई थी, लेकिन 2 घंटे बाद भी वापस नहीं लौटी। जिसके बाद चिंताग्रस्त परिजनों ने खोजबीन शुरू की। ग्रामीणों ने कुएं के किनारे खंडहर नुमा घर के पास झाड़ियों में अचानक बोरी को हिलते डूलते देखा। बोरी खोलकर देखा तो बच्ची का मुंह तकिया कवर से बंधा हुआ था, बच्ची काफी पीड़ित थी और बच्ची काफी डरी सहमी हुई थी। उसे तुरंत इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। वर्तमान में बच्ची स्वस्थ है।
इस मामले में बताया जा रहा है कि 40 वर्षीय आरोपी धनेश्वर साहू उर्फ जनता साहू शराब के नशे में बच्ची को बहला फुसलाकर अपने घर ले गया था और उसके साथ दुष्कर्म किया। बेहोश होने पर बच्ची को बोरे में बांधकर घर के पास ही झाड़ियों में फेंक दिया था। इस घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। आपको बता दें की राज्य में शराब की बिक्री काफी बढ़ गई है और शराब के नशे में घिनौने मामले भी अब लगातार सामने आ रहे है, जो आम लोगों के साथ महिलाओं और बच्चियों के लिये चिंताजनक है।



