नई दिल्ली : पश्चिम बंगाल और असम में BJP ने बड़ी जीत दर्ज की है। और इस विजय पर अब PM मोदी का पहला रिएक्शन आ गया है। पीएम मोदी ने असम और पश्चिम बंगाल में जीत पर सभी कार्यकर्ताओं को बधाई दी है। अपने एक्स पोस्ट में PM मोदी ने पोस्ट किया कि पश्चिम बंगाल में कमल खिल उठा! पश्चिम बंगाल विधानसभा के 2026 के चुनाव हमेशा याद रखे जाएंगे। जनता की शक्ति की जीत हुई है और भाजपा की सुशासन की राजनीति विजयी हुई है। मैं पश्चिम बंगाल के प्रत्येक नागरिक को नमन करता हूं। इसके साथ ही पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की जीत पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने खुशी जाहिर की है। उन्होंने इस जीत का श्रेय पीएम मोदी को दिया है। सीएम योगी ने कहा कि पीएम मोदी की नीतियों पर देशवासियों को अटूट विश्वास है।
योगी आदित्यनाथ ने एक्स पर लिखा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के यशस्वी नेतृत्व एवं लोक-कल्याणकारी नीतियों पर देश वासियों का अटूट विश्वास है, जो आज विधान सभा चुनाव के ऐतिहासिक परिणामों के रूप में पुनः परिलक्षित हुआ है। पश्चिम बंगाल में पहली बार, असम में लगातार तीसरी बार और पुडुचेरी में दूसरी बार भाजपा-एनडीए गठबंधन की सरकार बनना इसी अगाध विश्वास का सुफल है। जन-जन का यह अभूतपूर्व जनादेश प्रधानमंत्री के ‘नए भारत-विकसित भारत’ के विराट संकल्प की सिद्धि को एक नई गति प्रदान करेगा। इस ऐतिहासिक विजय हेतु बंगाल बीजेपी, असम बीजेपी और पुडुचेरी बीजेपी के सभी समर्पित पदाधिकारियों, कर्मठ कार्यकर्ताओं व विजयी प्रत्याशियों को हार्दिक बधाई।
पांच राज्यों में से तीन में एनडीए सरकार
चुनाव आयोग ने कुल पांच राज्यों के चुनावी नतीजे जारी किए हैं। इन नतीजों से साफ हो चुका है कि पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी में एनडीए गठबंधन की सरकार बनेगी। वहीं, तमिलनाडु में विजय की टीवीके सबसे बड़ी पार्टी है और केरल में कांग्रेस की अगुआई वाली यूडीएफ गठबंधन सरकार बनाता दिख रहा है।



