धमतरी : लगातार बीस दिनों से किसी क्षेत्र में आग लगी हो तो उससे स्थानीय लोग कितने परेशान होंगे, इसका अंदाजा लगाना कठिन हो जाता है। मामला है धमतरी के ट्रेचिंग ग्राउंड में 20 दिनों से लगी आग से फैल रहा धुआं आसपास के वार्डों के लोगों के लिए परेशानी का सबब बन गया है। यहाँ धुयें से परेशान वार्डवासियों के साथ कांग्रेस पार्षदों ने सोरिद वार्ड स्थित ट्रैंचिंग ग्राउंड के बाहर प्रदर्शन कर नगर निगम के खिलाफ आक्रोश जताया है, वहीँ इसको लेकर कांग्रेस पार्षदों ने चेतावनी दी है कि यदि दो दिनों के भीतर आग पर काबू नहीं पाया गया तो उग्र आंदोलन किया जायेगा।
दरअसल, धमतरी के सोरिद वार्ड स्थित ट्रेचिंग ग्राउंड में लगी आग पिछले करीब 20 दिनों से लगातार सुलग रही है, वहन आग की वजह से उठ रहा जहरीला धुआं आसपास के रिहायशी क्षेत्रों तक फैल गया है, जिससे लोगों का घरों में रहना तक मुश्किल हो गया है, जिससे लोग काफी आक्रोशित है, वहीँ स्थानीय लोगों का कहना है कि धुयें के कारण सांस लेने में दिक्कत हो रही है। जिससे बच्चे और बुजुर्ग सहित कई लोग बीमार पड़ रहे हैं।
जिस तरीके से आग बढ़ती जा रही है उसे देखते हुए मौके पर आस पास के जिलों से भी दमकल की टीम को बुलाया गया है। फिलहाल आग पर काबू पाने की कोशिशें जारी हैं। दमकल विभाग की मानें तो कई फायर फाइटर की गाड़ियां पानी डाल चुकी हैं, इसके बावजूद आग पर काबू नहीं पाया जा सका है। धुएं के घने गुबार के कारण दमकल कर्मियों को आग बुझाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। दमकल कर्मियों द्वारा कड़ी मशक्कत जारी है।
इस मामले में कांग्रेस नेताओं का कहना है कि निगम ने ही कचरे में आग लगाई है, जिसका खामियाजा अब आम जनता को भुगतना पड़ रहा है।प्रदर्शनकारियों ने जल्द से जल्द स्थायी समाधान की मांग करते हुए लोगों के स्वास्थ्य और पर्यावरण की सुरक्षा सुनिश्चित करने की बात कही। वहीं नगर निगम अधिकारियों का कहना है कि आग बुझाने का काम लगातार जारी है, उन्होंने तसल्ली दी कि जब तक आग पूरी तरह नहीं बुझ जाती, तब तक इस स्थल पर कचरा डंप नहीं किया जायेगा। इसके साथ जल्द ही आग पर पूरी तरह से नियंत्रण हासिल करने का भरोसा दिलाया। वहीँ आपको बता दें कि प्रशासनिक नियमों के अनुसार कचरे को आग लगाने की मनाही है।



