दुकान के बाहर खड़ी बाईक में 8 साल के बच्चे ने पेट्रोल छिड़ककर लगाई आग, कुछ ही देर में जलकर खाक हुई बाईक।

डोंगरगढ़ : घर के बाहर खड़े वाहनों में कई बार नुकसान होने की आशंका होती है, वहीँ फिर भी कई लोग घर के बाहर वाहन रखने से नहीं चूकते, वहीँ सामने आया मामला भी चौंकाने वाला है, जहाँ राजनांदगांव जिले के डोंगरगढ़ थाना क्षेत्र में एक 8 वर्षीय बच्चे ने एक बिरयानी सेंटर के सामने खड़ी मोटरसाइकिल में पेट्रोल डालकर आग लगा दी। यह पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। इसके साथ ही इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो रहा है, पहले लोगों ने इसे बदमाशों द्वारा अंजाम डी गई घटना माना था, लेकिन मामला कुछ और निकला।

इस वायरल फुटेज में देखा जा सकता है कि बच्चा सिंगोला बांधा तालाब के पास स्थित एक बिरयानी सेंटर के बाहर खड़ी मोटरसाइकिल के पास पहुंचता है और फिर कुछ देर बाद वह बाईक से ही पेट्रोल निकालकर उसी पर छिड़क देता है और आग लगा देता है। जिसके बाद देखते ही देखते मोटरसाईकिल आग की लपटों में घिर जाती है। यह आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में बाइक पूरी तरह जलकर खाक हो जाती है।

इस घटना का वीडियो सामने आने के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई और इस घटना से लोग स्तब्ध हो गये। स्थानीय लोगों ने भी इस तरह की घटना पर हैरानी जताई है। प्रारंभिक तौर पर लोगों को किसी शातिर बदमाश की करतूत होने की आशंका थी, लेकिन पुलिस जांच में मामला कुछ अलग ही निकला, सीसीटीवी फूटेज सामने आने के बाद लोगों में हैरानी है।

इस मामले को लेकर डोंगरगढ़ एसडीओपी केसरी नंदन नायक ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आग लगाने वाले बच्चे की पहचान कर ली गई है। जांच में पता चला कि वह महज 8 वर्ष का है और मानसिक रूप से अस्वस्थ है। पुलिस ने उसके परिजनों को थाने बुलाकर समझाईश दी है और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक सावधानी बरतने के निर्देश दिये हैं। इस मामले में आवश्यक वैधानिक कार्यवाही पूरी कर ली गई है। वायरल वीडियो को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है। वहीँ घटना को पहले किसी बदमाश द्वारा अंजाम देने की बात सोची जा रही थी, जो गलत निकली।