शराब घोटाले के आरोपी नितेश पुरोहित के बेटे का बीच सड़क बवाल, ढेबर परिवार के नाम पर दिखाई धौंस, लोगों ने जमकर की पिटाई।

रायपुर : रायपुर में लापरवाही और खतरनाक तरीके से वाहन चलाने के कारण दुर्घटना होने से बची, जानकारी के अनुसार यह कृत्य करने पर होटल कारोबारी और शराब घोटाले में आरोपी बने नितेश पुरोहित के बेटे आर्यन पुरोहित की पिटाई कर दी गई। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जिसमें एक युवक उसे धक्का देकर मारते नजर आ रहा है। यह घटना कोतवाली थाना क्षेत्र की है। घटना के दौरान वहां प्रत्यक्षदर्शी लोगों के मुताबिक, आर्यन पुरोहित तेज रफ्तार में थार (CG13 AT 7722) चला रहा था। मोतीबाग के सामने उसने कई बाईक को कट मारे। इसी दौरान एक बाईक सवार को टक्कर लग गई। जिसके बाद आसपास मौजूद लोगों ने वाहन रोककर इसका विरोध किया, जिसके बाद वहां बहस बढ़ गई।

खुद को ढेबर परिवार का बताया, कहा : पुलिस बुलाओ

इसी दौरान लोगों के रोकने पर आर्यन पुरोहित और बाइक सवारों के बीच बहस शुरू हो गई। विवाद बढ़ने पर मौके पर भीड़ जमा हो गई। आरोप है कि इस दौरान युवक ने अपनी पहचान और रसूख का हवाला देते हुए लोगों पर दबाव बनाने की कोशिश की, जिसके बाद वहां स्थित लोग और ज्यादा आक्रोशित हो गये। इस मामले में स्थानीय लोगों का आरोप है कि आर्यन पुरोहित ने खुद को ढेबर परिवार का परिचित बताया और पुलिस बुलाने की धमकी दी। साथ ही गिरिराज होटल के मालिक होने की बात कहते हुए धौंस दिखाने लगा। वहीं, आर्यन ने पिटाई करने वाले युवक पर गाली देने का आरोप लगाया।

आर्यन को थप्पड़ मारते हुए दिखा राहगीर :

इस घटना के वायरल वीडियो में मौके पर मौजूद लोगों और युवक के बीच बहस और झूमाझटकी जैसी स्थिति दिखाई दे रही है। विवाद के दौरान एक राहगीर ने उसे थप्पड़ जड़ दिया। हालांकि, पूरे मामले की अधिकृत जानकारी पुलिस के पास नहीं पहुंची है। कोतवाली निरीक्षक सतीश सिंह ने मामले की जानकारी नहीं होने की बात कही है। मामला थाने तक नहीं पहुंचा, जिसके कारण बात आई गई हो गई।