कवर्धा : सोनपुर गाँव शायद ही आपने कवर्धा के अंतर्गत इस गाँव का नाम सुना होगा, क्यूंकि यह नाम अब जाकर अस्तित्व में आया है, सामने आई जानकारी के अनुसार कबीरधाम जिले का एक ऐसा गांव है सोनपुर (वर्तमान में) जहां के लोग वर्षों तक अपने ही गांव का नाम बताने में झिझक महसूस करते थे, लोगों को उपहास का सामना करना पड़ता था, आपको सोचेंगे ऐसा क्या है, लेकिन सामने आने वाली जानकारी चौंकाने वाली है, क्योंकि इस गांव का नाम पहले गधहाभाटा था। अब गांव का नाम आधिकारिक रूप से बदलकर सोनपुर करने से ग्रामीणों की यह पीड़ा खत्म हो गई है। छत्तीसगढ़ शासन द्वारा इसका राजपत्र में प्रकाशन भी किया जा चुका है।
जिससे इस गाँव के लोगों में हर्ष का माहौल है, वहीँ इसी खुशी के मौके पर उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ग्राम सोनपुर पहुंचे और ग्रामीणों को राजपत्र की प्रति सौंपकर नई पहचान के लिए बधाई दी। इस दौरान उन्होंने गांव के विकास के लिए 7 लाख 50 हजार रुपए के विभिन्न विकास कार्यों की घोषणा भी की। उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि सिर्फ गांव का नाम ही नहीं बदला है, बल्कि अब सोनपुर की तस्वीर भी बदल रही है। गांव में विकास कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है।
वहीं ग्रामीणों ने गांव का नाम परिवर्तन होने पर उपमुख्यमंत्री का आभार जताया है। इसको लेकर ग्रामीणों का कहना है कि पहले गधहाभाटा नाम होने के कारण उन्हें कई जगह शर्मिंदगी महसूस करनी पड़ती थी। लोग मजाक उड़ाते थे, जिसका असर सामाजिक रिश्तों और बच्चों के विवाह संबंधों पर भी पड़ता था। अब गांव का नाम सोनपुर होने से ग्रामीण गर्व के साथ अपनी पहचान बता सकेंगे। जहाँ भी जाते थे लोग हमारे गाँव के नाम से हमारा उपहास करते थे, जिसका अब बदलाव हो गया है।



