बारात लेकर आये शराबी दूल्हे को दुल्हन ने लौटाया, एसपी ने बुलाकर दिया सम्मान, सोशल मीडिया पर हो रही सराहना।

जांजगीर-चाम्पा: राज्य में शराबियों की संख्या काफी ज्यादा है, यहाँ बिना शराब के ना कोई त्यौहार मानता है और ना ही कोई उत्सव अथवा कार्यक्रम ऐसे में शराब की मांग और खपत हमेशा बढ़ती ही जाती है, ऐसे में शराबियों के कारण कई युवतियों के घर परिवार बर्बाद हो जाते है, वहीँ सामने आया मामला है, जहाँ छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले के एक गांव में विवाह समारोह के दौरान दूल्हे को बुरी तरह नशे में धुत्त पाकर युवती ने उससे शादी करने से साफ़ मना कर दिया है। इसको लेकर चांपा पुलिस थाना क्षेत्र अंतर्गत कोसमंदा गांव निवासी दुल्हन मुस्कान प्रधान को नशे के खिलाफ आवाज उठाने के लिए गुरुवार को एसपी विजय कुमार पांडेय ने अपने कार्यालय में सम्मानित भी किया है।

23 जून को थी मुस्कान की शादी :

मुस्कान की शादी 23 जून को खोखरा गांव के रहने वाले संत राम से होनी थी। उन्होंने बताया है कि बारात शाम करीब चार बजे कोसमंदा गांव पहुंची और उसके तुरंत बाद शादी की रस्में शुरू हो गईं थी। उन्होंने बताया कि दुल्हा कथित तौर पर इतना नशे में था कि वह ठीक से खड़ा भी नहीं हो पा रहा था, जिससे वैवाहिक माहौल खराब हो रहा था।

शादी से कर दिया इंकार :

इस मामले में अधिकारियों ने बताया है कि उसकी हालत के बारे में पता चलने पर मुस्कान ने शादी करने से इंकार कर दिया। जिसको लेकर दुल्हन के इस फैसले के बाद दोनों परिवारों के सदस्यों और शादी में आए मेहमानों के बीच तनाव बढ़ गया था। उन्होंने बताया कि स्थिति बिगड़ने पर पुलिस को सूचना दी गई और चांपा पुलिस थाने के प्रभारी अशोक वैष्णव के नेतृत्व में एक दल को गांव भेजा गया था। मुस्कान (दुल्हन) ने बताया कि सगाई के दौरान भी दूल्हा नशे में आया था, जिसके बाद उसने उसे शराब पीने से मना किया था, तब दूल्हे ने वादा किया था कि वह शराब पीना छोड़ देगा।

इंकार पर हो गया विवाद :

थाना प्रभारी अशोक वैष्णव ने बताया कि जब दोनों पक्षों के परिवार के बड़े-बुजुर्ग इस मुद्दे पर बातचीत कर रहे थे, तभी बारात के साथ आए कुछ युवकों और दुल्हन पक्ष के लोगों के बीच हाथापाई हो गई। अधिकारी ने बताया कि कुछ लोगों को मामूली चोटें आई और उन्हें अस्पताल ले जाया गया था, वहीँ वैवाहिक कार्यक्रम का नुकसान होने पर भरपाई को लेकर भी विवाद हो गया। उन्होंने बताया कि परिवार के सदस्यों के अनुसार, दूल्हे का परिवार शादी की तैयारियों में हुए खर्च के बदले दुल्हन के परिवार को लगभग तीन लाख रुपये देने पर सहमत हो गया है। उन्होंने बताया कि गुरुवार को एसपी विजय पांडेय ने समाजसेवियों और महिला प्रतिनिधियों की मौजूदगी में मुस्कान को सम्मानित किया गया है।

युवती की हो रही है तारीफ :

इस घटना की गांव और आसपास के क्षेत्रों में काफी चर्चा हो रही है, वहीँ कई सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर भी इसको लेकर लोगों ने युवती की प्रशंसा की है। वहीँ कई स्थानीय निवासी भी युवती के फैसले की तारीफ कर रहे हैं। जांजगीर-चांपा पुलिस ने कहा है कि यह घटना शराब के नशे के खिलाफ एक कड़ा संदेश देती है और शादी में जिम्मेदारी, सम्मान और अच्छे व्यवहार के महत्व को उजागर करती है। कई स्थानीय लोगों ने मुस्कान के फैसले को उन परिवारों के लिए प्रेरणा बताया जो अक्सर शादी-ब्याह के समय नशे की लत और गैर-जिम्मेदाराना व्यवहार को नजरअंदाज कर देते हैं।