दुर्ग/भिलाई : मजबूरी में माता-पिता बच्चों को स्कूल भेजने के लिये दूसरों के हाथों में सौंपते है, जो कई बार जानलेवा भी साबित हो जाता है, कई बार हादसे लापरवाही से सामने आते है, ऐसे ही एक मामले में गंभीर हादसा टल गया है। घटना के अनुसार छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के भिलाई से लापरवाही का मामला सामने आया है, जहां एक मासूम बच्चा चलती स्कूल वैन से सड़क पर गिर गया। गनीमत रही कि वैन के पीछे कोई वाहन नहीं था। वरना कोई बड़ा हादसा भी हो सकता था। यह पूरी घटना वहां पास में लगे हुये सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। यह घटना छावनी थाना क्षेत्र के अंतर्गत बताई गई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यह घटना 8 जुलाई की दोपहर लगभग डेढ़ बजे के आसपास की है। बताया गया है कि खुर्सीपार स्थित फॉरबेल्स स्कूल की वैन बच्चों को उनके घर छोड़ने निकली हुई थी। नंदिनी रोड पर वैन एक बच्चे को उतारकर आगे बढ़ रही थी इसी दौरान पीछे बैठा हुआ एक मासूम का संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे सड़क पर गिर पड़ा, जिससे उसे चोटें आई है।
खुले गेट से बाहर गिरा बच्चा :
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, वैन के पीछे का गेट ठीक से बंद नहीं हुआ था। जिसको ड्राईवर ने जल्दबाजी में बच्चे को उतारने के बाद गेट लॉक नहीं किया था। जैसे ही उसने वाहन की रफ्तार बढ़ाई, खुले गेट से बच्चा बाहर गिर गया।
बच्चे के सड़क पर गिरने के बाद आसपास के दुकानदारों ने वैन चालक को रोकने के लिए आवाज लगाई, लेकिन वह करीब 300 मीटर आगे निकल चुका था। इसके बाद पीछे चल रहे कुछ बाइक सवारों ने वैन का पीछा कर उसे रोका। बाद में वहां मौजूद एक महिला ने घायल बच्चे को फिर से स्कूल वैन में बैठाकर आगे भेजा। घटना के समय स्कूल वैन में केवल ड्राइवर मौजूद था। उसमें कोई कंडक्टर या सहायक नहीं था, जो बच्चों पर नजर रख सके। इस घटना का वीडियो सामने आने के बाद स्कूल वैन की सुरक्षा व्यवस्था और बच्चों के परिवहन को लेकर सवाल उठने लगे हैं। इस घटना में गंभीर हादसे से इंकार नहीं किया जा सकता, ऐसे ही स्कूली वाहन बच्चों कि जान – जोखिम में डालकर चलते है।



