भीषण सड़क हादसे में दो सगी बहनों और उनके दो मासूम बच्चों की मौत, सामने आया दर्दनाक हादसा।

दुर्ग/भिलाई : माचिस मीडिया आप सभी को लगातार जागरूक करता हुआ आ रहा है, आपके जीवन की एक चूक कभी वापस हल नहीं होगी, हेलमेट पहने, वाहन धीरे और किनारे चलायें, वाहन चलाते समय अथवा पैदल टहलते समय सड़क से किनारे चलें, शाम को टहलते समय सड़कों से दूर रहें, शराब पीकर वाहन ना चलायें। रोजाना गंभीर हादसे सामने आ रहे है।

ऐसे ही दुर्ग जिले से एक बेहद दर्दनाक खबर सामने आई है। कुम्हारी थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुए भीषण सड़क हादसे में दो सगी बहनों और उनके दो मासूम बच्चों की मौत हो गई, जबकि एक 8 वर्षीय बालक गंभीर रूप से घायल है। उसका इलाज रायपुर एम्स में चल रहा है। सभी पांच लोग एक ही स्कूटी में सवार थे। यह हादसा इतना भीषण था कि चारों की घटना स्थल पर ही मौत हो गई है। रोजाना ऐसे हादसे सैंकड़ों की संख्या में सामने आ रहे है।

पुलिस के अनुसार, भिलाई-3 निवासी अमृत निर्मलकर अपनी बहन और बच्चों के साथ स्कूटी से रायपुर के बसंत विहार स्थित मामा के घर जा रही थीं। इसी दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग पर ऑक्सीजन सिलेंडरों से लदे खड़े ट्रैक्टर के पीछे उनकी स्कूटी जा टकराई। यह हादसा इतना भीषण था कि अमृत निर्मलकर (28 वर्ष), उनकी सगी बहन लक्ष्मी निर्मलकर (26 वर्ष), 7 वर्षीय याचना और 4 वर्षीय डाली की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं 8 वर्षीय भावेश गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल ट्रैक्टर को जब्त कर चालक को हिरासत में ले लिया है। सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए सुपेला मर्चुरी भेज दिया गया है और पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है।

मामा के घर जाने निकली थीं दो सगी बहनें :

मृतका अमृत निर्मलकर के पति लोकेश ने बताया है कि,  वह सोमनी में रहते हैं। हादसे के समय वह ड्यूटी पर थे। उनकी पत्नी ने फोन कर बताया था कि वह बच्चों को लेकर रायपुर के बसंत विहार स्थित अपने मामा के घर जा रही हैं। कुछ ही देर बाद दुर्घटना की सूचना मिली। सूचना मिलते ही वह सीधे सुपेला अस्पताल पहुंचे, जहां पत्नी और बेटी की मौत की खबर मिली। उन्होंने बताया कि परिवार ने करीब एक माह पहले ही नई स्कूटी खरीदी थी। लोकेश ने बताया कि दूसरी मृतका लक्ष्मी निर्मलकर उनकी पत्नी की सगी बहन थीं। लक्ष्मी के पति बबला भिलाई-3 में लॉन्ड्री का काम करते हैं।

ट्रैक्टर के पीछे घुसी :

घटना को लेकर छावनी सीएसपी ने बताया है कि, स्कूटी पर एक साथ पांच लोग सवार थे। किसी ने भी हेलमेट नहीं पहना हुआ था और स्कूटी तेज रफ्तार में चल रही थी। घटना की प्रारंभिक जांच के मुताबिक, राष्ट्रीय राजमार्ग पर ऑक्सीजन सिलेंडर से लदे खड़े ट्रैक्टर के पीछे स्कूटी सीधे जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दो सगी बहनों और उनके दो मासूम बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक बच्चा घायल है। ऐसे दर्दनाक हादसे रोजाना सामने आ रहे है।