रायगढ़ : हत्याकांड के मामले कई सामने आते रहते है, ऐसे में कई मामलों में नजदीकी आदमी ही निकलता है, जिसे पता करना बड़ा ही मुश्किल काम होता है, ऐसे ही छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के लैलूंगा थाना क्षेत्र में हुए एक सनसनीखेज अंधे कत्ल का पुलिस ने महज 72 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। युवक की हत्या किसी बाहरी व्यक्ति ने नहीं, बल्कि उसके ही दोस्त ने आपसी रंजिश और शराब के नशे में हुए विवाद के बाद की थी। पुलिस डॉग ‘रूबी’ की सूझबूझ, घटनास्थल से मिले अहम साक्ष्य और वैज्ञानिक जांच की मदद से आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। जिसमें पुलिस ने त्वरित कार्यवाही की।
पत्थर से सिर और गर्दन पर किया ताबड़तोड़ वार :
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी और एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्धांत तिवारी के मार्गदर्शन में लैलूंगा पुलिस ने ग्राम भकुर्रा में हुए युवक की हत्या के मामले का 72 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस ने मृतक के ही दोस्त को गिरफ्तार किया है, जिसने आपसी विवाद के बाद घरेलू शील पत्थर से सिर और गर्दन पर ताबड़तोड़ वार कर उसकी हत्या कर दी थी, जांच में पड़ताल में आरोपी पकड़ाया।
नशे की हालत में करता था परिवार से झगड़ा :
पुलिस ने बताया है कि 12 जुलाई 2026 की रात ग्राम भकुर्रा आवासपारा निवासी गोरखनाथ चौहान ने थाना लैलूंगा में सूचना दी कि उनके 23 वर्षीय पुत्र रामनाथ उर्फ सोनू चौहान का शव घर की परछी में पड़ा है। शव के पास खून से सना भारी शील पत्थर मिला। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि, मृतक शराब का आदी था और अक्सर नशे की हालत में परिवार से विवाद करता था, जिसको लेकर आरोपी से उसका फिर विवाद हुआ।
घटनास्थल से एक गमछा बरामद :
इस घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी उप निरीक्षक गिरधारी साव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया गया, फोरेंसिक साक्ष्य जुटाए गए और पोस्टमार्टम कराया गया। जांच के दौरान घटनास्थल से एक गमछा बरामद हुआ, जो पुलिस के लिए अहम सुराग साबित हुआ।
आरोपी ने हत्या की बात की स्वीकार :
इस मामले की गुत्थी सुलझाने के लिए डॉग स्क्वॉड की मदद ली गई। वहीँ पुलिस डॉग ‘रूबी’ ने घटनास्थल से मिले सुरागों के आधार पर मृतक के दोस्त भुवनेश्वर यादव की ओर स्पष्ट संकेत दिये। संदेह के आधार पर हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें आरोपी ने हत्या की बात स्वीकार कर ली। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि, घटना वाले दिन वह और रामनाथ साथ बैठकर खाना खा रहे थे और शराब पी रहे थे। इसी दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। गुस्से में आकर उसने घर में रखा भारी शील पत्थर उठाकर रामनाथ के सिर और गर्दन पर कई वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने आरोपी के मेमोरेंडम के आधार पर घटना के समय पहने गए कपड़े भी बरामद किए। विवेचना में आरोपी भुवनेश्वर यादव (26 वर्ष), निवासी ग्राम भकुर्रा, थाना लैलूंगा, जिला रायगढ़ के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत हत्या का अपराध प्रमाणित होने पर उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस ने यह भी बताया कि, आरोपी पूर्व में दुष्कर्म के एक मामले में जेल जा चुका है। हत्या के इस अंधे कत्ल का त्वरित खुलासा करने पर एसएसपी शशि मोहन सिंह ने थाना प्रभारी गिरधारी साव, लैलूंगा पुलिस टीम और पुलिस डॉग ‘रूबी’ की सराहना की। साथ ही डॉग मास्टर आरक्षक वीरेन्द्र अनंत को उत्कृष्ट कार्य के लिए पुरस्कृत करने की घोषणा की।



