पंच खेमन लाल साहू ने महिला के घर घुसकर की छेड़छाड़, बदसलूकी करके आरोपी हुआ फरार, खोजबीन कर रही पुलिस।

आरंग : स्कूल में पढ़ाया गया था कि पञ्च परमेश्वर होते है, लेकिन अब किसी पद अथवा प्रतिष्ठा की कोई मर्यादा नहीं रह गई है, इसके साथ ही आपको बता दें कि ग्रामीण अंचल में कानून व्यवस्था बनाये रखने और समाज को नई दिशा देने की जिम्मेदारी जिन जनप्रतिनिधियों पर होती है, जब वही मर्यादा लांघने लगे तो स्थितियां चिंताजनक हो जाती है। खबर के नुसार राजधानी के बाहरी क्षेत्र में स्थित मंदिरहसौद थाना क्षेत्र के ग्राम संकरी से एक ऐसा ही घिनौना मामला सामने आया है। यहां गांव के एक पंच पर गांव की ही 23 वर्षीय विवाहिता के साथ घर में घुसकर जबरदस्ती और छेड़छाड़ करने का संगीन आरोप लगा है। पीड़िता की लिखित शिकायत पर पुलिस ने नए कानून भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। इस घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में ग्रामीणों का आक्रोश चरम पर है।

सूनेपन का फायदा उठाकर घर में घुसा आरोपी :

इस मामले में थाने में दर्ज कराई गई रिपोर्ट के मुताबिक, यह वारदात 15 जुलाई की रात करीब 8 बजे की बताई जा रही है। बताया गया है कि पीड़िता का पति काम के सिलसिले में रायपुर गया हुआ था। महिला उस समय घर पर अपने दो मासूम बच्चों के साथ अकेली थी। इसी दौरान सूनेपन का फायदा उठाते हुए आरोपी पंच खेमन लाल साहू बदनीयती के साथ जबरन घर के भीतर दाखिल हो गया, और बदसलूकी करने लगा। आरोप है कि आरोपी ने महिला को दबोच लिया और उसके साथ जबरदस्ती करने लगा।

महिला के कड़े प्रतिरोध के आगे पस्त हुआ आरोपी :

वहीँ घटना के बाद पीड़िता ने खुद को लोक-लाज और अपनी अस्मत बचाने के लिए हिम्मत दिखाई और आरोपी का कड़ा प्रतिरोध करते हुए शोर मचाना शुरू कर दिया। जिसके बाद महिला की चीख-पुकार सुनकर जब पड़ोस में रहने वाला कुलेश्वर यादव दौड़ते हुए मौके पर पहुंचा, तो पोल खुलने के डर से आरोपी पंच खेमन साहू वहां से फरार हो गया। जिसके बाद डरी-सहमी पीड़िता ने अपने परिजनों को आपबीती बताई और थाने पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई है, जिसके बाद पुलिस ने कार्यवाही की बात कही है।

नए कानून (BNS) की धाराओं में मामला दर्ज :

इस मामले की संवेदनशीलता और गंभीरता को देखते हुए मंदिर हसौद थाना प्रभारी आशीष यादव ने त्वरित एक्शन लिया है। 17 जुलाई को दर्ज लिखित शिकायत के आधार पर पुलिस ने फरार आरोपी पंच के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 74 (महिला की लज्जा भंग करने के इरादे से हमला या आपराधिक बल का प्रयोग) एवं धारा 332 (घर में अनधिकृत प्रवेश/House-trespass) के तहत जुर्म दर्ज कर लिया गया है। इस मामले में थाना प्रभारी ने कहा है कि, शिकायत मिलते ही पुलिस ने तत्परता से मामला दर्ज किया है। आरोपी पंच खेमन लाल साहू की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। जल्द ही आरोपी सलाखों के पीछे होगा।

पूरे गांव में भारी आक्रोश, पद को किया कलंकित :

इस शर्मनाक घटना के सामने आने के बाद से ग्राम संकरी सहित पूरे चंदखुरी क्षेत्र में भारी जन-आक्रोश व्याप्त है। ग्रामीणों का साफ तौर पर कहना है कि पंचायत के सम्मानित और जिम्मेदार पद पर बैठे व्यक्ति द्वारा ऐसी नीच हरकत करना पूरे गांव को कलंकित करने जैसा है। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से दो टूक मांग की है कि आरोपी को अविलंब गिरफ्तार कर जेल भेजा जाये और कड़ी से कड़ी कानूनी सजा दिलाई जाये। आरोपी ने महत्वपूर्ण पद को कलंकित किया है, जो क्षमायोग्य नहीं है।