शादी ब्याह की पूरी तैयारी हो चुकी थी, बारात भी पहुंच गई और फिर पुलिस ने रुकवा दी शादी, सामने आया ये मामला….।

कोरबा : छत्तीसगढ़ के कोरबा से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहाँ शादी की पूरी तैयारियां हो चुकी थी, मंडप भी सज चुका था, बारात भी पहुँच चुकी थी, मेहमानों की आवभगत शुरू चल रही थी, तभी पुलिस आ धमकी और शादी को रुकवा दिया, मामले के अनुसार 13 साल की नाबालिग लड़की और 15 साल के लड़के की शादी कराई जा रही थी, जिसकी सूचना पुलिस को किसी ने दे दी, जिसके बाद ऐन वक्त पर महिला एवं बाल विकास विभाग की टीम और मानिकपुर चौकी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर विवाह को रुकवा दिया।

इस मामले में मिली जानकारी के मुताबिक, चिमनीभठा वार्ड नम्बर 14 में रहने वाले 15 साल का नाबालिग दूल्हा और 13 साल की दुल्हन एक-दूसरे को पसंद करते थे। दोनों की जिद के आगे झुककर परिजनों ने सामाजिक रीति-रिवाज से उनकी शादी करने का फैसला कर लिया था। घर पर मंडप सज चुका था और गाजे-बाजे के साथ बारात भी आ चुकी थी। इसी बीच किसी ने इसकी सूचना महिला एवं बाल विकास विभाग को दे दी। सूचना मिलते ही जब टीम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची, तो वहां मौजूद मेहमानों और परिजनों में हड़कंप मच गया, दोनों परिवारों के बीच मुश्किल हालात खड़े हो गये।

टीम ने दोनों पक्षों को दी समझाईश :

जिसके बाद महिला एवं बाल विकास विभाग की टीम ने दोनों पक्षों को बाल विवाह के बारे में समझाया और जागरूक किया। टीम की समझाईश और कानूनी कार्यवाही के डर के बाद दोनों पक्ष शादी रोकने के लिए तैयार हो गए। इसके बाद दूल्हा-दुल्हन अपने-अपने घर लौट गए। हैरानी की बात ये है कि वार्ड में आंगनबाड़ी के कार्यकर्ता और सहायिका को इसकी भनक तक नहीं लगी। इसको लेकर महिला बाल विकास अधिकारी बसंत मिंज ने बताया कि बाल विवाह की सूचना पर टीम मौके पर पहुंची और बाल विवाह रुकवाया गया। लोगों को वही जागरूक भी किया गया।