अमेरिका-ईरान तनाव के बीच भारत सरकार ने अपने नागरिकों को लौटने के लिये जारी की एडवाइजरी, बड़ा रूप ले सकता है युद्ध।

नई दिल्ली : जिओ पॉलिटिक्स के जानकारों का मानना है कि अमेरिका ईरान का युद्ध भयानक रूप ले सकता है और यह काफी लम्बा चलेगा। अब मिडिल ईस्ट में अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते सैन्य संघर्ष और पिछले महीने हुए सीजफायर समझौते के टूटने के बाद भारत सरकार ने अपने नागरिकों के लिए नई एडवाइजरी जारी की है। भारत ने अपने नागरिकों को सलाह दी है कि वे फिलहाल ईरान की यात्रा न करें और जो लोग वहां मौजूद हैं, वे उपलब्ध फ्लाईट विकल्पों का उपयोग करके देश से बाहर निकलने पर विचार करें।

दूतावास की ओर से सुरक्षा निर्देश :

ईरान में भारतीय दूतावास ने कहा है कि जब तक सुरक्षा स्थिति में सुधार नहीं होता, तब तक भारतीय नागरिक किसी भी स्थिति में ईरान की यात्रा न करें। दूतावास ने वहां रह रहे भारतीयों को अत्यधिक सावधानी बरतने और यदि अभी तक दूतावास के साथ अपना पंजीकरण नहीं कराया है, तो उसे तत्काल पूरा करने का निर्देश दिया है। नागरिकों को दूतावास की वेबसाइट और सोशल मीडिया हैंडल के माध्यम से लगातार अपडेट रहने की सलाह दी गई है। वहीं इसके साथ ही दूतावास ने बयान में कहा, “नागरिकों को स्थिति पर पैनी नजर रखने और सैन्य गतिविधियों वाले स्थानों, विशेष रूप से देश के दक्षिणी तट के पास के इलाकों से बचने की सलाह दी जाती है।” भारतीय नागरिकों से स्थानीय अधिकारियों द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का सख्ती से पालन करने को भी कहा गया है।

मिडिल ईस्ट में गहराया संकट :

यह एडवाइजरी ऐसे समय में आई है जब मिडिल ईस्ट में स्थिति बेहद अस्थिर हो गई है। जॉर्डन में ईरानी हमलों में दो अमेरिकी जवानों की मौत और कई के घायल होने के बाद वाशिंगटन ने अपने हमले तेज करने की चेतावनी दी है। अमेरिका पहले ही ईरान के तटीय निगरानी इकाइयों और मिसाइल व ड्रोन ठिकानों पर कई बार हमले कर चुका है। 28 फरवरी से शुरू हुए इस संघर्ष में अब तक 16 अमेरिकी सैनिकों की जान जा चुकी है और 430 से अधिक घायल हुए हैं। वहीं, ईरान का दावा है कि अमेरिकी हमलों में कम से कम 50 लोग मारे गए और 500 से अधिक घायल हुए हैं। ईरान अब UAE, जॉर्डन, कुवैत और कतर सहित पूरे क्षेत्र में अमेरिकी ठिकानों को निशाना बना रहा है। यह युद्ध लगातार भयानक रूप लेता जा रहा है। इजराइल, जो फिलहाल इन हमलों से दूर है, ने बताया कि उसने जॉर्डन के अकाबा शहर की ओर आने वाली एक ईरानी मिसाइल को मार गिराया है। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि तेहरान कोई भी हमला करता है, तो इजराइल पूरी ताकत के साथ जवाबी कार्यवाही करेगा।