रायपुर : चलती ट्रेन के भीतर इंसानियत को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है, जहाँ मोबाईल चोरी के संदेह में एक युवक को यात्रियों ने पकड़ लिया, जिसके बाद जान बचाने के लिए वह ट्रेन के दरवाजे के बाहर पायदान से लटक गया था, लेकिन एक यात्री ने लगातार लात मारकर उसे नीचे गिरा दिया। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद जीआरपी और आरपीएफ ने तत्काल कार्यवाही करते हुए आरोपी यात्री को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि ट्रेन से गिरकर घायल हुआ युवक अब तक लापता है, उसकी पतासाजी की जा रही है।
15 जुलाई की है घटना :
सोशल मीडिया पर विडियो वायरल होने के बाद जीआरपी और रेलवे सुरक्षा बल आरपीएफ ने तत्काल कार्यवाही करते हुए यात्री को गिरफ्तार कर लिया है। ट्रेन से गिरकर घायल हुए कथित चोर की पुलिस द्वारा तलाश जारी है। इस मामले में पुलिस का कहना है कि घायल युवक के मिलने और बयान दर्ज होने के बाद मामले में आगे की कानूनी कार्यवाही की जायेगी।यह घटना आजाद हिंद एक्सप्रेस की बताई गई है। यह मामला 15 जुलाई का बताया जा रहा है। अब इसका वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हुआ है। जिसके बाद जीआरपी ने कार्यवाही की है और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, पीड़ित की पतासाजी की जा रही है।
रायपुर आ रही थी ट्रेन :
शुरुआती जानकारी के अनुसार आजाद हिंद एक्सप्रेस रायपुर रेलवे स्टेशन आ रही थी। इसी दौरान उरकुरा और मांढ़र रेलवे स्टेशनों के बीच एक युवक ट्रेन के पायदान में लटकते हुए दिखाई दिया था। इस दौरान युवक पर मोबाईल चोरी का आरोप लगा था। दावा किया जा रहा है कि युवक मोबाईल चोरी करते हुए पकड़ा गया था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रेन के दरवाजे पर खड़े एक यात्री ने बाहर लटक रहे युवक को पहले हाथ से हटाने की कोशिश की, लेकिन जब वह नहीं छूटा तो उसने कई बार उसके सिर और शरीर पर लात मारी गई, कुछ देर तक युवक किसी तरह पायदान पकड़े रहा, लेकिन लगातार हमले के बाद उसका हाथ छूट गया और वह चलती ट्रेन से नीचे गिर गया। ट्रेन आगे बढ़ती रही और युवक वहीं छूट गया। युवक को गंभीर रूप से चोटे आई है।
घायल युवक की तलाश :
जीआरपी की टीम घायल युवक की तलाश कर रही है। घटना के दौरान दूसरे कोच में सफर कर रहे एक यात्री ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना लिया था। इस वीडियो में साफ़ दिखाई देता है कि एक यात्री ट्रेन के दरवाजे पर खड़ा है और बाहर लटक रहे युवक पर लगातार हमला कर रहा है। वह पहले हाथ से मारने का प्रयास करता है, फिर युवक के सिर और शरीर पर कई बार लात मारता है।
दूसरे कोच से रिकॉर्ड हुआ पूरा वीडियो :
इस घटना के दौरान दूसरे कोच में सफर कर रहे एक यात्री ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो अपने मोबाईल में रिकॉर्ड कर लिया। वीडियो में साफ दिखाई देता है कि एक व्यक्ति दरवाजे पर खड़ा होकर बाहर लटक रहे युवक पर लगातार हमला कर रहा है। वीडियो सामने आने के बाद रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और शासकीय रेल पुलिस (जीआरपी) ने मामले का संज्ञान लिया। जांच के दौरान आरोपी यात्री की पहचान आर. सुरेश कुमार के रूप में हुई है, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इसके साथ ही घायल युवक की खोजबीन की जा रही है।
जीआरपी ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2) और धारा 117(3) के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और वायरल वीडियो को भी अहम साक्ष्य के रूप में शामिल किया गया है।



