‘तुझे भी कलमा पढ़ाकर मुस्लिम बना देंगे’, अस्पताल संचालक ने दलित नर्स की जिंदगी की बर्बाद, मामले में आया नया मोड़।

अमरोहा (उ.प्र.) : जिले के हसनपुर थाना क्षेत्र में स्थित साईं जीवनदान अस्पताल के संचालक पर दलित नर्स का धर्म परिवर्तन कराकर निकाह करने का गंभीर आरोप लगा है। इस मामले में सैदनगली के उझारी निवासी पीड़ित परिवार ने जब अस्पताल के बाहर धरना दिया, तब पुलिस ने आरोपी संचालक के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकद्दमा दर्ज किया है, बताया गया है कि पीड़ित युवती अस्पताल में काम करती थी और उसका विवाह तय हो गया था, इस विवाह की खबर मिलते ही आरोपी संचालक ने पहले लड़के वालों को भड़काया और फिर युवती को लेकर फरार हो गया। जिसके बाद पुलिस अब गायब लड़की की तलाश में जुटी हुई है।इस मामले में युवती के पिता ने सोमवार को अपनी 24 वर्षीय बेटी के संदिग्ध परिस्थितियों में गायब होने का आरोप लगाया है। पिता का कहना है कि उनकी बेटी का जबरन धर्मांतरण कराया गया और उन्हें जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए जान से मारने की धमकी दी गई। पीड़ित पिता ने पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) हसनपुर को तहरीर देकर आरोपियों पर कड़ी कार्यवाही और बेटी की सकुशल बरामदगी की मांग की है।

मामले में दी गई तहरीर के अनुसार, युवती हसनपुर के ‘साई जीवन दान नर्सिंग होम’ में नर्सिंग का प्रशिक्षण ले रही थी। परिजनों ने उसकी शादी रहरा क्षेत्र में तय की थी।आरोप है कि 7 जुलाई को अस्पताल संचालक ने युवती को बुलाया, जिसके बाद वह घर नहीं लौटी। जब पिता पूछताछ के लिए अस्पताल पहुंचे, तो संचालक की पत्नी ने बेटी के धर्म परिवर्तन और निकाह की जानकारी दी। विरोध करने पर अस्पताल स्टाफ ने कथित तौर पर जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किया और जान से मारने की धमकी दी। इसके साथ ही पिता ने अस्पताल पर अवैध गतिविधियों, एंबुलेंस के माध्यम से गो-तस्करी और अन्य धर्मांतरण कराने जैसे गंभीर आरोप भी लगाये हैं।

इस तहरीर के आधार पर पुलिस ने अस्पताल संचालक अटटन, शाहनवाज, नाजरीन, जुनैद और 2-3 अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। हैरानी की बात यह है कि मुस्लिम समुदाय के संचालक ने अपनी पहचान छिपाकर साईं जीवनदान अस्पताल का संचालन कर रखा हुआ है। इस मामले में परिजनों का आरोप है कि जब वे बेटी की जानकारी लेने पहुंचे, तो स्टाफ ने पिता को धमकी दी और गाली-गलौज की। उन्होंने कहा कि ‘चला जा नहीं तो तुझे भी यहीं कलमा पढ़ाकर मुस्लिम बना देंगे।’ परिजनों ने अस्पताल पर लव जाल और गौकशी का अड्डा होने का आरोप लगाया है।

इस मामले को लेकर सोमवार को विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल सहित कई हिंदू संगठनों ने अस्पताल के बाहर धरना प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया। दूसरी ओर, मामले में नया मोड़ सामने आया जब युवती ने एक वीडियो जारी कर धर्मांतरण के आरोपों को खारिज किया है और अपनी मर्जी से निकाह करने की बात कही है।

कोतवाल राजेश तिवारी ने बताया कि मामले में मुकद्दमा दर्ज कर लिया गया है और युवती को बरामद कर लिया गया है।पुलिस ने परिजनों की तहरीर पर आरोपी संचालक के खिलाफ एससी-एसटी एक्ट और जातिसूचक शब्द कहे जाने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया है। एफआईआर की कॉपी में धर्म परिवर्तन और गौकशी जैसे शब्दों का उल्लेख किया गया है। परिजन अपनी गायब बेटी को संचालक के चंगुल से बचाने की मांग कर रहे हैं। पुलिस द्वारा आगे की कानूनी कार्यवाही की जा रही है।