शराब दुकान में नकली नोट चलाते पकड़ाया सत्येन्द्र कुमार कुर्रे, पुलिस ने किया गिरफ्तार।

जांजगीर चांपा : नोटबंदी के बावजूद बाज़ार में नकली नोटों की खपत अब भी जारी है, जिसे कई लोग लगातार चला रहे है, ऐसे ही एक मामले में जानकारी सामने आई है कि छत्तीसगढ़ के जांजगीर चांपा जिले में एक आरोपी नकली नोट से शराब खरीदने की कोशिश कर रहा था, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इसके साथ ही पुलिस ने आगे की कार्यवाही भी शुरु कर दी है। यह पूरा मामला अकलतरा थाना क्षेत्र का बताया गया है। मामले के अनुसार 20 जुलाई को पुलिस को सूचना मिली थी कि एक युवक देशी मदिरा दुकान अकलतरा में 500 रुपए का नकली नोट देकर शराब खरीदने का प्रयास कर रहा है। सूचना पर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और उसे हिरासत में ले लिया गया।

मामले की पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम सत्येन्द्र कुमार कुर्रे उर्फ सत्यम कुर्रे बताया है, जो कि सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के दोमुहानी गांव का रहने वाला युवक है। पुलिस ने तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 500 के चार नोट बरामद किये है। बरामद नोटों का तत्काल स्टेट बैंक, अकलतरा में परीक्षण कराया गया, जहां सभी नोट नकली पाये गये है। इसके साथ ही हैरान करने वाली बात है कि चारों नोटों का सीरियल नंबर भी एक ही मिला है।

पूछताछ में आरोपी ने बताया है कि वह नकली नोट रायपुर से लेकर आया था, पुलिस उसके बयान के आधार पर आगे की कार्यवाही में भी जुट गई है। फिलहाल पुलिस ने मामले में आरोपी के खिलाफ धारा 180 बीएनएस के तहत अपराध क्रमांक 423/2026 दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद उसे कोर्ट में पेश कर न्यायिक रिमांड में ले लिया है।