अमरोहा (उ.प्र.) : जिले से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जिसे पहले लोग एक मजाक समझ रहे थे अब उसे सच्चा बताया गया है, मामले के अनुसार सोशल मीडिया पर रील बनाने वाली तीन सगी बहनों ने एक ही युवक के साथ बकायदा हिंदू रीति-रिवाज से शादी रचा ली है, सरोज, सावित्री और संतोष नाम की तीनों बहनों के सात फेरे लेने और मांग में सिंदूर भरने का यह वीडियो जैसे ही सोशल मीडिया पर अपलोड हुआ सोशल मीडिया पर तहलका मच गया। इसमें हैरान करने वाली बात यह है कि इस शादी के दौरान स्थानीय नगर पालिका अध्यक्ष भी मौके पर मौजूद नजर आये, यह शादी देखने के बाद पहले तो लोगों ने इसे महज एक रील समझा, लेकिन जब तीनों बहनों और युवक ने नया वीडियो जारी कर शादी के रियल होने की बात कही, जिससे हिंदू संगठनों का गुस्सा भड़क उठा, उन्होंने धर्म संस्कृति दूषित करने का आरोप लगाया।
इंस्टाग्राम पर हैं लाखों फॉलोअर्स :
यह पूरा मामला अमरोहा जिले की हसनपुर विधानसभा क्षेत्र के धोरिया गांव का है। यहां रहने वाले किसान रमेश की तीन बेटियां हैं जिनका नाम सरोज, सावित्री और संतोष है, इन तीनों ने कुछ समय पहले ही इंस्टाग्राम और फेसबुक पर अकाउंट बनाकर वीडियो अपलोड करना शुरू किया था। महज 27 वीडियो में ही तीनों बहनों के लाखों फॉलोअर्स हो गये थे, वो काफी चर्चा में आ गई थी, लेकिन बीते बुधवार को जब तीनों बहनों का एक ही युवक के साथ शादी करते, फेरे लेते और पैर छूकर आशीर्वाद लेते हुए वीडियो सामने आया तो लोग भौचक्के रह गए।
जानकारी सामने आई है कि हसनपुर स्थित मां चामुंडा मंदिर में रीलबाज तीन सगी बहनों ने अपने ही कैमरामैन विकास से शादी का दावा किया है। सात फेरे लेते हुए शादी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. वीडियो में युवक तीन युवतियों की मांग में सिंदूर भर रहा है। सरोज, सावित्री और संतोष ने शादी के बाद पति के पैर छुये, हालांकि शादी में दोनों परिवारों से कोई शामिल नहीं हुआ। तीनों की उम्र 20 और 18 साल के बीच है। तीनों बहनें पति के साथ गुरुवार को थाने पहुंचीं और पुलिस के सामने तीनों दुल्हनों ने बयान दर्ज कराये, उन्होंने यह शादी करने की असल वजह भी बताई।
जिसको लेकर तीनों दुल्हनों ने कहा, ‘हमने बिना किसी दबाव के शादी की है, हम हमेशा यही सोचते थे कि शादी करेंगे तो एक ही घर में करेंगे, लेकिन ऐसा कोई घर नहीं मिला, जहां तीन लड़के हमारी उम्र के हों, इसलिए एक ही लड़के से शादी कर ली, हम अलग नहीं होंगे, लेकिन अब साथ में ही रहेंगे।’
भाजपा के चेयरमैन की मौजूदगी ने बढ़ाई सनसनी :
इस वीडियो में शादी का स्थान प्रसिद्ध चामुंडा मंदिर बताया गया. वहीं वीडियो में हसनपुर नगर पालिका के बीजेपी चेयरमैन और कुछ अन्य महिलाएं भी रीलबाज बहनों व दूल्हे के साथ खड़े दिखे जिसके बाद सोशल मीडिया प्रयोगकर्ताओं का गुस्सा और बढ़ गया, जिसके बाद यह मामला गर्माने के बाद चामुंडा मंदिर के पुजारियों ने अपने परिसर में ऐसी किसी भी शादी के आयोजन से साफ तौर पर इंकार कर दिया है।
‘रील नहीं रियल है शादी’ :
मामले में विवाद बढ़ता हुआ देख तीनों बहनों ने उस युवक के साथ एक और वीडियो जारी कर दिया। इसमें उन्होंने शादी के असली होने का दावा किया है। वीडियो में लड़कियों ने इस रिश्ते को लेकर अपनी खुशी और भविष्य की संभावनाओं को व्यक्त किया है। इधर इस शादी से नाराज धार्मिक रीति-रिवाजों और पवित्र परंपराओं के साथ खिलवाड़ का आरोप लगाते हुए स्थानीय हिंदू संगठनों ने मोर्चा खोल दिया है। इसके साथ ही ऐसी हरकत का विरोध कर रहे हैं। वहीं सोशल मीडिया पर भी लोग दो गुटों में बंट गये हैं। कुछ इसे पब्लिसिटी स्टंट बता रहे हैं तो कुछ विरोध कर रहे हैं। बाकी इस शादी से चारों ने ख़ुशी जताई है।



