जगदलपुर : रिश्वतखोरों पर ACB कि कार्यवाही लगातार हो रही है, जिससे रिश्वतखोर अधिकारियों में खौफ का माहौल बना हुआ है, सवाल उठता है कि जब आपको प्रशासनिक कार्यों की तनख्वाह मिलती है तो फिर किसी पीड़ित से जबरिया रिश्वत लेने के लिये परेशान क्यूँ करना? वहीँ सामने आये मामले के अनुसार बस्तर जिले के कोड़ेनार थाना में पदस्थ महिला आरक्षक तिलेश्वरी साहू को एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
इस मामले में मिली जानकारी के अनुसार, एक सड़क दुर्घटना के मामले में कोड़ेनार पुलिस ने ट्रैक्टर जब्त किया गया था। बाद में न्यायालय ने ट्रैक्टर मालिक बंगालु यादव के पक्ष में सुपुर्दनामा जारी करते हुए वाहन सौंपने का आदेश दे दिया। इस मामले में अब आरोप है कि कोर्ट के आदेश के बावजूद महिला आरक्षक ट्रैक्टर छोड़ने के एवज में 10 हजार रुपए की रिश्वत मांग रही थी। जिसके बाद पहले से ही परेशान पीड़ित ने इसकी शिकायत ACB से कर दी थी। शिकायत का सत्यापन करने के बाद ACB ने जाल बिछाया और जैसे ही महिला आरक्षक ने रिश्वत की रकम ली, टीम ने उसे रंगे हाथों पकड़ लिया।
फिलहाल ACB की टीम आरोपी महिला आरक्षक तिलेश्वरी साहू से पूछताछ कर रही है। भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत आगे की कार्यवाही जारी है। आरोपी महिला आरक्षक के खिलाफ ACB अन्य सबूत भी जुटाने में लगी हुई है। ये कार्यवाहियां रिश्वतखोरों के लिये बड़ा सबक है।



