फतेहपुर (उ.प्र.) : जिले में 18 साल की युवती की हत्या का मामला सामने आया है। मामले में आरोप उसी 42 साल के व्यक्ति पर लगा है, जिसके साथ युवती पिछले करीब एक साल से लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी, इस मामले में पुलिस ने बताया है कि हत्या के बाद आरोपी ने पुलिस को गुमराह करने के लिए गुमशुदगी की कहानी रची थी, हालांकि करीब एक महीने बाद युवती की पहचान होने और जांच आगे बढ़ने पर पूरे मामले का खुलासा हो गया है। यह मामला थरियांव थाना क्षेत्र के औरेई गांव का है। पुलिस के अनुसार, मृतका की पहचान 18 वर्षीय पुष्पा देवी के रूप में हुई है, जानकारी सामने आई है कि गांव के रहने वाले 42 साल गंगासागर की पत्नी की पहले ही मौत हो चुकी थी। इसके बाद उसका संपर्क पुष्पा से हुआ। मामले में आरोप है कि गंगासागर ने पुष्पा को प्रेम जाल में फंसाया और दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ गईं थी।
इसके बाद दोनों ने साथ रहने का फैसला किया। जिसमें यह भी सामने आया है कि दोनों ने कोर्ट मैरिज कर ली थी, वहीँ नवंबर महीने से दोनों राधानगर थाना क्षेत्र में किराए के कमरे में साथ रह रहे थे। इस मामले में युवती के परिजनों का कहना है कि वह करीब एक साल से गंगासागर के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी। पिछले कुछ समय से उसका परिवार से संपर्क नहीं हो पा रहा था, जिसके बाद परिजन परेशान हो गये।
बेटी से संपर्क टूटा तो पिता को हुई अनहोनी की आशंका :
जब काफी समय तक बेटी की कोई जानकारी नहीं मिली तो उसके पिता महावीर लोधी को अनहोनी की आशंका हुई, जिसके बाद उन्होंने राधानगर थाने में शिकायत देकर बताया कि उनकी बालिग बेटी करीब एक साल से गंगासागर के साथ रह रही थी, लेकिन अब उससे संपर्क नहीं हो पा रहा है, जिसको लेकर पिता ने आशंका जताई कि गंगासागर ने उनकी बेटी की हत्या कर शव कहीं छिपा दिया है। मामले की शिकायत मिलने के बाद राधानगर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। कार्यवाही करते हुये जांच के दौरान गंगासागर से कड़ाई से पूछताछ की गई। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने युवती की हत्या करने की बात कबूल कर ली है।
तीन दिन घर में रखा शव, फिर रेलवे ट्रैक पर फेंकने का आरोप :
इस मामले में पुलिस ने बताया है कि, आरोपी ने हत्या के बाद शव को तीन दिन तक घर में छिपाकर रखा था, इसके बाद अपने तीन अन्य साथियों की मदद से शव को ट्रैक्टर पर लादकर रेलवे ट्रैक तक ले गया और वहां छोड़ दिया, जिसको लेकर आरोप है कि हत्या को दुर्घटना या आत्महत्या का रूप देने के लिए ऐसा किया गया, ताकि पुलिस गुमराह हो जाये।
29 जून को मिला था शव, पहचान नहीं होने पर हुआ अंतिम संस्कार :
पुलिस के मुताबिक, 29 जून को रेलवे ट्रैक पर एक युवती का शव मिला था। उस समय शव की पहचान नहीं हो सकी थी, जिसके बाद पुलिस ने उसे लावारिस मानकर अंतिम संस्कार करा दिया गया था। इसके बाद पुलिस लगातार शव की पहचान कराने का प्रयास कर रही थी। इसी दौरान गांव में युवती की हत्या की चर्चा होने लगी. इसके बाद उसके पिता को शक हुआ कि रेलवे ट्रैक पर मिला शव उनकी बेटी पुष्पा का हो सकता है।जिसके बाद उन्होंने पुलिस से संपर्क कर हत्या की आशंका जताई। इसके बाद पुलिस ने जांच तेज की और आरोपी से पूछताछ में पूरे मामले का खुलासा हो गया और पुलिस आरोपी तक पहुँच गई।
तीन आरोपी गिरफ्तार, एक की तलाश जारी :
इस मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी गंगासागर समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। सभी आरोपियों को कोर्ट में पेश कर आगे की कार्यवाही की जा रही है। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल किया गया ट्रैक्टर और एक बाइक भी बरामद कर लिया है। शव को ठिकाने लगाने में शामिल एक अन्य आरोपी अभी फरार है। उसकी तलाश में पुलिस दबिश दे रही है। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जायेगा, पुलिस सरगर्मी से उसकी तलाश में जुटी हुई है।



