शराबी वाहन चालक ने सड़क किनारे बैठकर खाना खा रही महिला को ठोका, अस्पताल ले जाने के दौरान महिला की हुई मौत।

जशपुर : तेज रफ़्तार और नशेड़ी वाहन चालक रोजाना लोगों की हत्या कर रहे है और उन्हें गहरी चोटें पहुंचा रहे है, इन पर कोई लगाम ही नहीं है, ऐसे ही एक मामले में छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के पत्थलगांव थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार बाइक ने सड़क किनारे खाना खा रही महिला को पीछे से टक्कर मार दी है। इस हादसे में गंभीर रूप से घायल महिला की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई। आरोप है कि, बाइक चालक शराब के नशे में था। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

सड़क किनारे बैठकर खा रही थी खाना :

इस घटना के बारे में मिली जानकारी के अनुसार, घटना झेराडीह पतरापाली की है। वृंदावती खेत में रोपा उखाड़ने के बाद अन्य महिलाओं के साथ सड़क किनारे बैठकर खाना खा रही थी। इसी दौरान तेज रफ्तार पल्सर बाइक सवार सुमित कुमार भगत ने उसे पीछे से टक्कर मार दी।
इस हादसे में वृंदावती गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे पत्थलगांव सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां से डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया। दूसरे अस्पताल ले जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी बाइक चालक को हिरासत में लेकर मामला दर्ज किया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही हैइस और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।