दुर्ग/भिलाई : दुर्ग शहर के चिखली इंदिरा नगर क्षेत्र में रविवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब तेज रफ्तार कार एक बकरी को चपेट में लेने के बाद अनियंत्रित होकर तालाब में जा घुसी, इस हादसे को देखने के बाद लोग सहम गये। इस हादसे के दौरान सड़क किनारे मौजूद एक बच्चा भी कार की चपेट में आने से बाल-बाल बच गया। घटना के बारे में मिली जानकारी के अनुसार उक्त कार में तीन युवक सवार थे, जो कि नाबालिग बताये गये है। इस मामले में बताया जा रहा है कि कार अनियंत्रित होकर पहले बकरी से टकराई और इसके बाद सीधे तालाब की तरफ चली गई। कार के तालाब में पहुंचते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। इस खौफनाक हादसे के दौरान आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल घटनास्थल की ओर दौड़ लगाई। वहीँ घटना के बाद कार सवार तीनों युवक किसी तरह वाहन से बाहर निकलने में सफल रहे।
नशे में होने की बात, पुलिस ने तीनों को पकड़ा :
इस घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस तुरंत ही मौके पर पहुंची। पुलिस ने कार सवार तीनों युवकों को पकड़ लिया और उनसे पूछताछ की। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक युवकों के नशे में होने की बात सामने आई है। हालांकि इसकी पुष्टि पुलिस की जांच और मेडिकल परीक्षण के बाद ही स्पष्ट होगी, जिसको लेकर पुलिस ने आगे की कार्यवाही की बात कही है।
बच्चे ने दौड़कर बचाई जान :
इस हादसे का सबसे डरावना पहलू यह रहा कि कार तालाब में जाने से पहले एक बच्चे के बेहद करीब से गुजरी थी। बच्चा समय रहते पीछे हट गया, जिससे उसकी जान बच गई। यदि वह समय पर नहीं हटता तो बड़ा हादसा हो सकता था, जिससे स्थानीय लोगों में काफी आक्रोश पनप गया। यह घटना जेवरा चौकी थाना क्षेत्र की बताई जा रही है। पुलिस ने कार सवार तीनों युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। हादसे के कारणों और कार कौन चला रहा था, इसकी भी जांच की जा रही है।