दुर्ग/भिलाई : छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में नेहरू नगर क्षेत्र से मारपीट का एक वीडियो सामने आया है। जिसमें आरोप है कि, युवा कांग्रेस दुर्ग ग्रामीण जिलाध्यक्ष पद के नेता अमन सिंह और उनके साथियों ने एक पिज्जा डिलीवरी बॉय के साथ बेरहमी से मारपीट की है, उसके साथ काफी बर्बरता की है, जिससे वह घायल हो गया है। इस वायरल वीडियो में आरोपी युवक डिलीवरी बॉय को थप्पड़ और मुक्के मारे जाते दिखाई दे रहे हैं।
वायरल वीडियो के बाद सुपेला थाने में FIR :
वहीँ इस विडियो को लेकर दावा किया जा रहा है कि, इस दौरान डिलीवरी बॉय के कपड़े उतारकर उसके साथ मारपीट की गई और वह लगातार माफी मांगता रहा। बताया जा रहा है कि, यह घटना नेहरू नगर क्षेत्र की है। मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आ गया। इस घटना को लेकर डिलीवरी बॉय की ओर से सुपेला थाने में शिकायत दर्ज कराई गई है, जिसके आधार पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस की जांच तेज :
पुलिस वायरल वीडियो और शिकायत में लगाए गए आरोपों के आधार पर पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। फिलहाल, मारपीट की वजह और घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका को लेकर पुलिस जानकारी जुटा रही है। मामले में पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही घटना की पूरी तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी। वहीं, वायरल वीडियो को लेकर क्षेत्र में भी तरह-तरह की चर्चाएं हैं।



