भानुप्रतापपुर : अवैध शराब के मामले कई बार सामने आये है, जिसमें सिर्फ शराब की अवैध बिक्री ही हो रही थी, लेकिन अब इस मामले में नकली शराब का मामला भी शामिल हो गया है, वहीँ छत्तीसगढ़ में भी अवैध शराब का धंधा खूब चल रहा है। कांकेर के भानुप्रतापपुर में बड़ी मात्रा अंग्रेजी शराब में मिलावट का सामान बरामद हुआ है, जिसकी मात्रा चौंकाने वाली है। भानुप्रतापपुर के ग्राम बसंत नगर, नारायणपुर स्थित एक किराए के मकान में दबिश देकर भानुप्रतापपुर पुलिस ने 4409 नग खाली शराब की बोतल-पौवा, 105 पत्ता स्टीकर व होलोग्राम तथा 3380 ढक्कन बरामद किये हैं।
इसको लेकर पुलिस ने बताया है कि इन सामग्री का उपयोग अंग्रेजी शराब में मिलावट अथवा अवैध रूप से शराब तैयार करने में किए जाने की आशंका है। अंग्रेजी शराब की खाली बोतलें, पौवा, स्टीकर, होलोग्राम और बड़ी संख्या में ढक्कन देखकर पुलिस भी हैरान रह गई। इस मामले में बरामद सामग्री के वास्तविक मालिक की पतासाजी की जा रही है। कोरर पुलिस ने शराब का परिवहन करने वाले आरोपियों से मिले इनपुट के आधार पर पुलिस की टीम ने बसंत नगर में उत्तम देवनाथ के किराए के मकान की तलाशी ली गई।
लावारिस कमरे से अवैध शराब और हजारों के नकली होलोग्राम बरामद :
वहीँ तलाशी के दौरान एक कमरे में बड़ी मात्रा में शराब से संबंधित सामग्री लावारिस हालत में मिली है। वहीँ पुलिस ने मौके से जम्मू स्पेशल व्हिस्की के 30 भरे पौवा भी बरामद किये है, जिनमें कुल 5.4 लीटर शराब थी। इसकी कीमत 3600 रुपए बताई गई है। इसके अलावा क्यूआर कोड एवं होलोग्राम के 18 पत्ते, रॉयल स्टेज के 50 पत्ता, रॉयल चैलेंज के 38 पत्ता, मैकडॉवल नंबर-1 के 10 पत्ता सहित विभिन्न ब्रांडों के कुल 105 पत्ता स्टीकर व होलोग्राम बरामद हुए। इनकी कीमत करीब 59,645 रुपए बताई गई है।
एसडीओपी समेत टीम के इन जवानों की रही मुख्य भूमिका :
इस पूरी कार्यवाही पुलिस अधीक्षक निखिल अशोक कुमार राखेचा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आकाश श्रीमाल के मार्गदर्शन में की गई। इसमें एसडीओपी भानुप्रतापपुर शेर बहादुर सिंह ठाकुर, निरीक्षक अंबर सिंह भारद्वाज, सउनि कैलाश पांडे, पीएसआई फलित राम, प्रधान आरक्षक रूपेश नरेटी, प्रधान आरक्षक विजय कटकवार तथा आरक्षक गौतम हुपेंडी, हेमंत मरकाम और फत्तू उसेंडी शामिल थे। पुलिस ने सभी सामग्री को लावारिस हालत में पाए जाने पर समक्ष गवाहों की मौजूदगी में धारा 106 बीएनएसएस के तहत जब्ती पत्रक के अनुसार जब्त कर लिया है। बरामद सामग्री के मालिक और इसके पीछे सक्रिय लोगों की पतासाजी की जा रही है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि इतनी बड़ी मात्रा में खाली बोतल, स्टीकर, होलोग्राम और ढक्कन आखिर किस उद्देश्य से एकत्र किए गए थे। जिसको लेकर पुलिस लगातार जांच में जुट गई है।
4409 खाली बोतल-पौवा और 3380 ढक्कन :
इस कार्यवाही में पुलिस के अनुसार बरामद सामग्री में मैकडॉवल नंबर-1 के 2078 खाली पौवा, 411 खाली बोतल, अन्द्धी 107, सिग्नेचर की 61 खाली बोतल, आरएस के 367 पौवा, 121 बोतल व 95 अध्दी, आरसी के 964 पौवा व 87 बोतल, आईबी के 103 पौवा व 15 बोतल समेत कुल 4409 खाली बोतल-पौवा शामिल हैं। इनकी अनुमानित कीमत 22,045 रुपए बताई गई है। इसके अलावा कार्टून में रखे 170 पेटी खाली पौवा, जिसकी कीमत करीब 34 हजार रुपए बताई गई है, जिसे भी बरामद किया गया। तलाशी के दौरान विभिन्न ब्रांडों के कुल 3380 ढक्कन भी मिले। इनमें पौवा, बोतल, रॉयल स्टेज, रॉयल चैलेंज, आरएस और आरसी सहित अलग-अलग ब्रांडों के ढक्कन शामिल हैं।



