धमतरी : मगरलोड थाना क्षेत्र के ग्राम मेघा स्थित ‘माता रानी फ्यूल्स’ पेट्रोल पंप पर देर रात आगजनी की खौफनाक वारदात को अंजाम देने वाले 47 वर्षीय आरोपी जीवन निषाद (निवासी वार्ड क्रमांक 1, मेघा) को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस के अनुसार, घटना 1 अक्टूबर की देर रात करीब 1:30 बजे की है। आरोपी ने परिसर में खड़ी कर्मचारियों की दो मोटरसाइकिलों पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी और मुख्य डिस्पेंसिंग यूनिट के नोजल को माचिस से सुलगाने का प्रयास किया। कर्मचारियों की मुस्तैदी से एक बड़ा अग्निकांड होने से टल गया।
आधी रात को गाली-गलौज, मांग मानने से इंकार पर दी थी धमकी :
घटनाक्रम की शुरुआत देर रात करीब 11:30 बजे हुई थी, जब संदेही पेट्रोल पंप पहुंचा और बेवजह कर्मचारियों से उलझते हुए अभद्र व्यवहार करने लगा। कर्मचारियों द्वारा उसकी अनुचित मांगों को मानने से साफ इंकार करने पर उसने गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी। इसके करीब दो घंटे बाद, रात 1:30 बजे सन्नाटे का फायदा उठाकर वह दोबारा लौटा और मोटरसाइकिलों को आग के हवाले कर दिया।
इसके तुरंत बाद आरोपी ने पेट्रोल नोजल में आग लगाने की कोशिश की। यदि आग की लपटें मुख्य आपूर्ति लाईन तक पहुंच जातीं, तो अंडरग्राउंड स्टोरेज टैंक में भीषण विस्फोट हो सकता था और पूरा क्षेत्र भारी तबाही की चपेट में आ जाता। कर्मचारियों ने अदम्य साहस दिखाते हुए अग्निशामक यंत्रों से आग पर काबू पाया। इस अप्रत्याशित घटना के कारण पंप का संचालन कुछ समय के लिए पूरी तरह ठप्प हो गया था।
नाले में बच्ची के बहने की घटना से उपजा था आक्रोश :
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि 26 सितंबर को पेट्रोल पंप के सामने खुले नाले में एक बच्ची गिर गई थी, जो तेज बहाव में महानदी की ओर बह गई और उसकी मौत हो गई। आरोपी इस हादसे के लिए पेट्रोल पंप प्रबंधन को जिम्मेदार मानकर गुस्से में था। इसी रंजिश के चलते उसने पंप को आग लगाने की साजिश रची थी।
ऑनलाईन ट्रैकिंग और मोबाईल लोकेशन से घेराबंदी :
घटना के बाद प्रबंधन की शिकायत पर मगरलोड थाना पुलिस ने विभिन्न गंभीर धाराओं के तहत मुकद्दमा दर्ज किया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज जब्त कर साइबर सेल की मदद ली। संदेही के मोबाईल टावर डंप डेटा और ऑनलाईन ट्रैकिंग सिस्टम के जरिए उसकी लोकेशन ट्रेस की गई। सीमावर्ती इलाकों और अंतर्राज्यीय मार्गों पर भी निगरानी बढ़ा दी गई थी, जिसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को धर दबोचा।
कपड़े व माचिस जब्त, न्यायिक रिमांड पर भेजा गया :
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त माचिस और घटना के समय पहने कपड़े जब्त कर लिए हैं। आरोपी के खिलाफ बीएनएस की सुसंगत धाराओं के तहत कठोर वैधानिक कार्यवाही करते हुए उसे न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि मामले में ऐसी सख्त कार्यवाही की जायेगी जो भविष्य में नजीर बने। साथ ही आम जनता से अपील की गई है कि किसी भी हादसे से आक्रोशित होकर कानून हाथ में न लें और किसी भी प्रकार की शिकायत होने पर पुलिस या प्रशासन को तत्काल सूचित करें।



