महासमुंद पुलिस की बड़ी कार्यवाही : 2 करोड़ 80 लाख का 560 किलो गांजा जब्त, महाराष्ट्र के दो तस्कर गिरफ्तार।

महासमुंद : छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस ने एक बड़ी कार्यवाही को अंजाम दिया है। इस दौरान पुलिस ने 560 किलो गांजे की खेप के साथ दो तस्करों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। बरामद गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कुल कीमत लगभग 2 करोड़ 80 लाख रुपये आंकी गई है।

मुखबिर की सूचना पर चेक पोस्ट पर नाकेबंदी :

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस को मुखबिर से गोपनीय सूचना मिली थी कि महाराष्ट्र पासिंग के एक वाहन में भारी मात्रा में गांजा ले जाया जा रहा है। इसके बाद एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और सिंघोड़ा पुलिस की संयुक्त टीम ने एनएच-53 स्थित रेहटीखोल चेक पोस्ट पर मुस्तैदी से नाकेबंदी की। संदिग्ध वाहन के पहुंचते ही उसे घेराबंदी कर रोका गया और उसकी सघन तलाशी ली गई।

कैरेट्स के नीचे छिपाकर रखी गई थी खेप :

तलाशी के दौरान वाहन में सब्जियों के कैरेट के नीचे छिपाकर रखी गई 16 बोरियां बरामद हुईं, जिनमें कुल 560 किलो गांजा भरा हुआ था। प्रत्येक बोरी में औसतन 35 किलो गांजा पैक किया गया था। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त आइचर माजदा वाहन और दो मोबाईल फोन भी जब्त किए हैं। जब्त वाहन और मादक पदार्थ समेत कुल संपत्ति का मूल्य 2 करोड़ 95 लाख 8 हजार रुपये बताया गया है।

ओड़िशा से महाराष्ट्र ले जा रहे थे गांजा :

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 30 वर्षीय अजय रविन्द्र पवार और 25 वर्षीय स्वराज महाजन के रूप में हुई है। दोनों आरोपी जलगांव (महाराष्ट्र) के निवासी हैं। पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे ओड़िशा के बरहमपुर क्षेत्र से गांजा लोड कर महाराष्ट्र ले जा रहे थे।

पुलिस ने इस मामले में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी)(II)(सी) के तहत वैधानिक कार्यवाही करते हुए मुकद्दमा दर्ज किया है। पुलिस अब इस अंतर्राज्यीय तस्करी सिंडिकेट और सप्लाई चेन से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है।