कार से टकराकर एम्बुलेंस पलटी, नेशनल हाईवे-30 पर हुई घटना 3 घायल।

फरसगांव : फरसगांव क्षेत्र में नेशनल हाईवे-30 स्थित चिचाड़ी पुल के पास एक कार और एंबुलेंस के बीच भीषण भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि एंबुलेंस अनियंत्रित होकर सड़क के बीचों-बीच पलट गई। इस हादसे में एंबुलेंस सवार तीन लोग घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दुर्घटना के चलते हाईवे पर कुछ देर के लिए यातायात ठप्प हो गया।

चिचाड़ी पुल के पास मची अफरा-तफरी :

जानकारी के अनुसार, हादसा नेशनल हाईवे-30 पर चिचाड़ी पुल के समीप हुआ। जोरदार टक्कर के बाद एंबुलेंस के पलटते ही मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मुख्य मार्ग पर वाहन पलटने से दोनों तरफ वाहनों की कतार लग गई और आवागमन बाधित हो गया।

घायलों में एक की हालत गंभीर, अस्पताल में उपचार जारी :

हादसे के समय एंबुलेंस में सवार तीन लोग चोटिल हुए हैं। इनमें से दो लोगों को मामूली चोटें आई हैं, जबकि एक व्यक्ति की कमर में गंभीर चोट लगी है। सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों को तुरंत फरसगांव अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों की देखरेख में उनका इलाज चल रहा है।

मार्ग से पलटी एंबुलेंस को हटाने की कार्यवाही में जुटी पुलिस :

सड़क पर पलटे वाहन के कारण हाईवे पर यातायात व्यवस्था प्रभावित हुई। फरसगांव पुलिस दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंची और क्रेन व स्थानीय संसाधनों की मदद से एंबुलेंस को सड़क से हटवाने की कार्यवाही में जुट गई, ताकि मार्ग पर वाहनों का आवागमन जल्द से जल्द सुचारू रूप से बहाल कराया जा सके।