अंबिकापुर : सड़कों पर बुलेट और अन्य दोपहिया वाहनों से पटाखे जैसी तेज आवाज निकालकर लोगों को परेशान करने वालों के खिलाफ सरगुजा पुलिस ने सख्त कार्यवाही की है। पुलिस ने अभियान चलाकर जब्त किए गए 800 मॉडिफाइड साइलेंसरों को रोड रोलर से कुचलकर पूरी तरह नष्ट कर दिया। रक्षित केंद्र अंबिकापुर में साइलेंसरों के नष्टीकरण की यह कार्यवाही की गई। पुलिस की इस कार्यवाही का मुख्य उद्देश्य ध्वनि प्रदूषण पर अंकुश लगाने के साथ-साथ आम नागरिकों को तेज और अनावश्यक शोर से राहत दिलाना है।
डीआईजी और एसएसपी के निर्देश पर हुई कार्यवाही :
सरगुजा पुलिस ने डीआईजी एवं एसएसपी राजेश अग्रवाल के निर्देश पर मॉडिफाइड साइलेंसरों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया। कार्यवाही के दौरान विभिन्न क्षेत्रों से जब्त किए गए 800 साइलेंसरों को रक्षित केंद्र अंबिकापुर में रोड रोलर चलवाकर नष्ट किया गया। इन साइलेंसरों का इस्तेमाल बुलेट सहित अन्य दोपहिया वाहनों में तेज आवाज और पटाखे जैसे धमाके पैदा करने के लिए किया जा रहा था।
ऑटो पार्ट्स दुकानदारों और मैकेनिकों को चेतावनी :
पुलिस प्रशासन ने ऑटो पार्ट्स संचालकों, मैकेनिकों और गैरेज संचालकों को भी कड़ी हिदायत दी है। उन्हें अवैध मॉडिफाइड साइलेंसरों की बिक्री करने और वाहनों में इन्हें फिट करने से दूर रहने के स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं। पुलिस ने साफ किया है कि नियमों का उल्लंघन कर ऐसे साइलेंसर बेचने या वाहनों में लगाने वालों के खिलाफ भी सख्त वैधानिक कार्यवाही की जायेगी।
ध्वनि प्रदूषण और नियम तोड़ने वालों पर सख्ती :
सड़कों पर मॉडिफाइड साइलेंसरों के इस्तेमाल से अनावश्यक शोर मचता है और ध्वनि प्रदूषण की गंभीर समस्या पैदा होती है। इसे देखते हुए सरगुजा पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया है कि हुड़दंग मचाने वाले वाहन चालकों के साथ-साथ अवैध साइलेंसर का कारोबार करने वालों को भी बख्शा नहीं जाएगा और सभी को यातायात नियमों का सख्ती से पालन करना होगा।



