ऑनलाइन सट्टा एप के सरगना की आलिशान शादी में खर्च होंगे अरब रूपये, प्रेमिका के लिये बनवाई है 35 करोड़ की अंगूठी और क्या है जाने इस खबर में…….।

रायपुर : सट्टा कारोबार काफी फैला हुआ है और इस काम में जो भी आ जाता है, उसके वारे न्यारे हो जाते है, मध्यभारत में छत्तीसगढ़ के दुर्ग भिलाई में सट्टे का केंद्र बिंदु बन चुके सरगना की 14 फरवरी को शादी तय है, जिसकी काफी बड़े स्तर पर तैयारियां की जा रही है। महादेव एप मास्टर माइंड सट्टा किंग सौरभ चंद्राकर को भले ही छत्तीसगढ़ की पुलिस तलाश रही हो, लेकिन वो इन सब चीजों से बेखबर दुबई में अपने बचपन के प्यार से शादी की तैयारियों में बिजी है। उसने नाम बदलकर शादी का कार्ड छपवाया है।

सरगना का भिलाई की 26 साल की युवती से रिश्ता तय हुआ है। युवती का परिवार विदेश चला गया है। सट्टा किंग सौरभ ने रिंग सेरेमनी में अपनी प्रेमिका के लिये 35 करोड़ रूपये की हीरे की अंगूठी बनवाई है, पता चला है उसकी शादी स्कूल की प्रेमिका से ही हो रही है। पिछले 10 दिनों से सरगना की शादी का आमंत्रण कार्ड बंट रहा है। राज्य के कई कारोबारी, बड़े नेता से लेकर अधिकारियों समेत 700 लोगों न्यौता भेजा गया है। इस शादी पर ED ने भी नजरें बनाकर रखी है। जो लोग शादी में जाएंगे, उन पर भी ED की नज़र रहेगी।

आमंत्रण कार्ड लगभग एक किलो का है, जिसमें महंगे गिफ्ट और ड्राई फ्रूट्स हैं। 300 लोगों को हवाई यात्रा का टिकट भी भेजा गया है। खबर है कि सरगना की शादी क्रूज में होगी। शादी के लिए 4 क्रूज बुक किए गए हैं। दुबई से क्रूज रवाना होगा। इसमें हल्दी रस्म से शुरुआत होगी। मलेशिया में फेरे के साथ शादी की रस्म पूरी होगी। शादी में करोड़ों रुपए खर्च किए जा रहे हैं। बॉलीवुड के कुछ स्टार्स को भी बुलाया गया है।

ये हैं सट्टा के सरगना :
पुलिस के अनुसार दुर्ग-भिलाई के सौरभ चंद्रकार, रवि उत्पल, कपिल चेलानी और रायगढ़ के स्क्रैप कारोबारी ने मिलकर ऑनलाइन गेमिंग सट्‌टा एप शुरू किया था। आरोपियों ने हैदराबाद के सबसे बड़े सटोरियों से लिंक किया। पूरे देश में उनका एप चल रहा है। उसके बाद विदेश शिफ्ट हो गए। इसमें सरिया, सराफा, कपड़ा, स्क्रैप वालों ने पैसा लगाया है। दुर्ग-रायपुर में आरोपियों के खिलाफ केस भी दर्ज हैं, लेकिन किसी भी सरगना की आज तक गिरफ्तारी नहीं हुई है। पुलिस और प्रशासन के कई कर्मचारी खुद आईडी लेकर चला रहे है। पुलिस की कार्यवाही ताबड़तोड़ चल रही है , लेकिन मुख्य सरगना अभी पकड़ से बाहर है।

डी कंपनी से कनेक्शन की चर्चा :
ऑनलाइन सट्टा एप दुर्ग की जगह दुबई से ऑपरेट हो रहा है। पूरे देश में अपना नेटवर्क फैला चुके हैं। सूत्रों के अनुसार आरोपियों का डी कंपनी से कनेक्शन है। डी कंपनी को गोरखधंधा चलाने के लिए पैसा दिया जा रहा है। उनसे दुबई में सुरक्षा मांगी गई है। उन्हें भी शादी का न्यौता भेजा गया है। आरोपियों का पाकिस्तान कनेक्शन भी मिला है।

सारा खर्चा सट्‌टा वाले उठा रहे :
केंद्रीय प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने इस सट्टा एप के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। उनके खातों की जांच शुरू कर दी है। सरगना की तलाश की जा रही है। रायपुर, दुर्ग-भिलाई और महासमुंद के लोगों को ज्यादा न्यौता दिया गया है। इस शादी में शामिल होने के लिए कई लोग पहले ही चले गए हैं। सारा खर्चा सट्‌टा एप संचालक उठा रहा है। लगभग 300 लोग इस शाही शादी में शामिल होंगे।

राज्य में काफी बड़ा निवेश :
सट्‌टा एप के सरगना का पैसा होटल से लेकर जमीन के कारोबार में लगा हुआ है। चर्चा है कि विधानसभा क्षेत्र में स्थित होटल भी आरोपियों से जुड़े लोगों का है, जहां पुलिस दबिश दे चुकी है, इसके अलावा भी पुलिस लगातार सट्टेबाजों पर नजर रख रही है।

परिजनों के पासपोर्ट तैयार कुछ लोग हो गए रवाना :
सरगना के कुछ रिश्तेदार का पासपोर्ट नहीं बना था। उन्होंने पासपोर्ट के लिए आवेदन किया। पुलिस सत्यापन के लिए थाना आया। उसे रोक दिया गया। लेकिन कुछ दिन बाद पुलिस वालों ने सत्यापन कर दस्तावेज दे दिया। उसके बाद पासपोर्ट बन गया। वहीं युवती पक्ष से 50 लोग शादी में जा रहे हैं। कुछ लोग रवाना हो गए हैं। कुछ लोग 10 और 11 फरवरी को रवाना हो जाएंगे। इस शादी की काफी चर्चा है पुलिस से सुरक्षा को लेकर भी और बड़े स्तर के शादी समारोह को लेकर भी।

अपनी कॉलेज की दोस्त से ही कर रहा है शादी :
ऑनलाइन सट्टा एप चलाने वाला सरगना अपनी दोस्त से शादी कर रहा है। दोनों कॉलेज के समय से दोस्त हैं। उस समय से दोनों एक-दूसरे को पसंद करते थे। इसी दौरान ऑनलाइन सट्टा एप शुरू कर दिया। उसके बाद परिजनों के साथ विदेश में शिफ्ट हो गया। हालांकि दोनों के बीच बातचीत चलती रही। सालों बाद दोनों के परिवार शादी के लिए राजी हो गए। अब उनकी शादी होने जा रही है।