छत्तीसगढ़ के सीएम ने जारी किए आंकडें: कहा- UPA सरकार में धान के मूल्य में 134% की बढ़ोतरी, NDA में तो 55% ही…

रायपुर। धान के समर्थन मूल्य में बढ़ोतरी को लेकर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने यूपीए और एनडीए सरकार की तुलना की है. उन्होंने आंकड़ें जारी करते हुए केंद्र की भाजपा सरकार को आड़े हाथ लिया है. साथ ही किसान विरोधी होने का आरोप लगाया है।

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने ट्वीट कर लिखा है कि, आँकड़े जो दिखाते हैं #किसानविरोधीभाजपा की नीयत. यू.पी.ए. सरकार के कार्यकाल के दौरान वित्तीय वर्ष 2004-05 से 2013-14 के दौरान 9 वर्षों में धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य 560 रुपए प्रति क्विंटल से बढ़ाकर 1310 रुपए प्रति क्विंटल किया गया। यह वृद्धि लगभग 134 प्रतिशत होती है।

भाजपा पर साधा निशाना
उन्होंने आगे लिखा है ‘दूसरी ओर भाजपा की केन्द्र सरकार द्वारा वित्तीय वर्ष 2014-15 से 2022-23 तक 9 वर्षों में धान के समर्थन मूल्य में सिर्फ 730 रुपए की वृद्धि कर 2040 रुपए प्रति क्विंटल (सिर्फ 55 प्रतिशत वृद्धि) निर्धारित किया गया। जिससे भाजपा के कथित रूप से किसान हितैषी होने का दावा खोखला सिद्ध हो जाता है।