छत्तीसगढ़ में ब्रह्मानंद नेताम मामले में सीएम बघेल ने भाजपा पर कसा तंज बोले- “पहले तो खुद ही बोल रहे थे, गिरफ्तार करो, चुनौती दे रहे थे, अब क्यों हड़बड़ा रहे”

रायपुर।भानुप्रतापपुर उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी को गिरफ्तार करने के लिए झारखंड की पुलिस छत्तीसगढ़ पहुंची है। पश्चिम सिंहभूम की टेल्को पुलिस चारामा पहुंच गई है। माना जा रहा है कि किसी भी वक्त भानुप्रतापपुर उपचुनाव के प्रत्याशी ब्रह्मानंद नेताम की गिरफ्तारी हो सकती है। इधर झारखंड पुलिस के छत्तीसगढ़ आने और ब्रह्मानंद नेताम की संभावित गिरफ्तारी को लेकर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने प्रतिक्रिया दी है।

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा है कि भाजपा बलात्कारी के साथ खड़ी है। रेप के आरोपी के साथ भाजपा खड़ी है, जो नैतिकता के खिलाफ है। भाजपा बहुत नैतिकता की बात करती थी, लेकिन क्या कोई पार्टी इस तरह से रेप के आरोपी के साथ खड़ी होती है। अगर गलती हुई थी तो भाजपा को इस बात को स्वीकार करना चाहिये, लेकिन उलटे वो रेप के आरोपी नेता को बचाने का प्रयास कर रही है।

वहीं ब्रह्मानंद नेताम की गिरफ्तारी को भाजपा नेताओं के आरोपों पर मुख्यमंत्री ने जवाब दिया कि ..भाजपा ही पहले ये कह रही थी कि हिम्मत है तो गिरफ्तार करे. गिरफ्तारी के लिए चैलेंज कर रही थी और अब जब पुलिस आयी है तो हाय तौबा क्यों मचा रही है। बृजमोहन अग्रवाल ने कहा था कि आओ हमें गिरफ्तार करके दिखाओ अब जब पुलिस आयी है तो यही लोग कुछ और बोल रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने इस दौरान भाजपा के उस आरोप पर भी पलटवार किया, जिसमें ये कहा गया था कि झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन उनके दोस्त हैं, इसलिए ये गिरफ्तारी हो रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि कानून अपना काम कर रहा है। किसी के दोस्त रहने से कोई गिरफ्तारी नहीं हो जाती। 15 साल की नाबालिग के साथ जो रेप किया गया था, उस मामले में ये केस दर्ज हुआ है, किसी के दोस्त रहने पर क्या किसी की गिरफ्तारी हो जायेगी। कानून अपना काम करता है।

ब्रह्मानंद नेताम की गिरफ्तारी पर सांसद सुनील सोनी ने कही ये बड़ी बात

वहीं इस मामले में सांसद सुनील सोनी ने बयान दिया है. सांसद सोनी ब्रह्मानंद नेताम की गिरफ्तारी पर कहा कि, झारखंड और छत्तीसगढ़ सरकार दोनों विपरीत चल रही है. कांग्रेस आतंक, भय फैलाने का काम कर रही है. उन्होंने कहा भानूप्रतापपुर की जनता सब समझ रही है, बीजेपी को जीत मिलेगी, सरकार को जो घमंड है उसको समाप्त करेगी. दोनों सरकारें जय वीरू की तरह काम कर रही है।

बृजमोहन अग्रवाल ने कही ये बड़ी बात…

वहीं पूर्व मंत्री और भाजपा विधायक बृजमोहन अग्रवाल ने तंज कसा है। उन्होंने कहा है न कोई समन न कोई संदेश भूपेश बघेल को जो हार की घबराहट है वह साफ दिखाई दे रही है। भाजपा विधायक बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि जिस दिन से हमने ब्रह्मानंद को कैंडिडेट डिक्लेअर किया है। उस दिन से ही पूरी सरकार घबराई हुई है, परेशान है।

हार के डर से उनके प्रदेश अध्यक्ष ने स्टेटमेंट दिया, कागज जारी किए। उसी से ही समझ में आ गया था कि झारखंड सरकार और छत्तीसगढ़ सरकार की मिली-जुली कुश्ती है। हार के डर से यह सब कर रहे हैं। उन्होंने पहले आरोप लगाया और हमारी जानकारी में यह है कि कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष के आरोप लगाने के बाद लड़की पर दबाव डालकर से बयान लिया गया है।

ब्रह्मानंद नेताम को अगर गिरफ्तार करते हैं तो जेल से वह विधायक बनेंगे जनता भूपेश बघेल जी की जो कायरता है उससे बदला लेगी एक सीधा साधा नौजवान लड़का जो विधायक बनने की कगार पर है। को बदनाम करने के लिए सरकार ने यह साजिश रची है इसका जवाब छत्तीसगढ़ की जनता और भानूप्रतापपुर की जनता भारतीय जनता पार्टी एक-एक कार्यकर्ता इसका जवाब देगा। हम डरने वाले नहीं है ना ही घर पर आने वाले हैं।