आपका मोबाईल गुम गया है या फिर चोरी हो गया है, तो करें ये जरुरी काम, मिल जायेगा आपका मोबाईल।

रायपुर : मोबाईल गुमने या चोरी होने पर मिलने की उम्मीद लोग छोड़ देते है, लेकिन अब इसका समाधान भी हो गया है। मोबाइल चोरी या लूट होने पर उसकी तलाश करना आसान हो गई है। चोरी के मोबाईल पर जैसे ही नया सिम कार्ड डालकर उसे चालू किया जाएगा, सिम जिसके नाम पर जारी हुआ होगा उसका नाम, पता और नया मोबाइल नंबर पुलिस के पास पहुंच जाएगा। उसके बाद पुलिस सीधे उससे संपर्क करेगी। देशभर में मोबाइल चोरी की बढ़ती घटनाओं को रोकने के लिए टेलीकॉम डिपार्टमेंट ने ‘संचार साथी’ पोर्टल लांच किया है। जिसमे आपको आवश्यक जानकारी डालनी है।

यही पोर्टल मोबाईल फोन के ट्रैकर के रूप में काम करेगा। रायपुर में रोज 15 से ज्यादा मोबाईल चोरी या गुम हो रहे हैं। टेलीकॉम कंपनी के इस पोर्टल को रायपुर के सीसीटीएनएस पोर्टल से लिंक कर दिया गया है। टेलीकॉम कंपनी ने 8 दिन पहले ही देशभर में संचार साथी पोर्टल लांच किया है। जिससे गुमा हुआ मोबाईल मिलना आसान हो जायेगा।

अब मोबाइल गुम या चोरी होने पर पीड़ित जैसे ही संचार साथी पोर्टल में अपनी जानकारी अपलोड करेंगे, उनका फोन टेलीकॉम कंपनी के ट्रैकर में आ जायेगा। चोरी के फोन में जैसे ही नया सिम लगाकर उसे चालू किया जाएगा रायपुर के सीसीटीएनएस पोर्टल पर जानकारी आ जाएगी कि मोबाईल को किसने और कहां चालू किया है।

CCTNS पोर्टल पूरी जानकारी पुलिस के पास भेजेगा। उसके बाद पुलिस अपने स्तर पर चोरी का मोबाइल चलाने वाले तक पहुंच जाएगी। टेलीकॉम कंपनी के अफसरों का दावा है कि पोर्टल लांच होने के 8 दिन के भीतर ही देशभर में 5 लाख से ज्यादा गुम मोबाईल को ब्लॉक कराया जा चूका है। इसमें से 2.48 लाख मोबाइल को पुलिस की मदद से ढूंढ़कर निकाल लिया गया है। कंपनी के निदेशक अनुपालन अधिकारी नीरेश शर्मा ने बताया कि यह एक नागरिक केंद्रित पोर्टल है।

ये पोर्टल जो ढूंढेगा आपका मोबाइल – https://sancharsaathi.gov.in

संचार साथी पोर्टल टेलीकॉम सर्विस प्रोवाइडर और लॉ इन्फोर्समेंट एजेंसियों के साथ मिलकर काम करता है। इस पोर्टल में जाकर कोई भी अपने मोबाइल या सिम संबंधित शिकायत अपलोड कर सकते हैं। इसमें कई विकल्प दिए गए हैं। मोबाइल चोरी, गुम या लूट हो जाने पर उसके IMEI नंबर को पोर्टल पर अपलोड कर सकेंगे। इसके साथ ही पुलिस शिकायत की एक कॉपी और मोबाईल का बिल भी अपलोड करना होगा। कुछ घंटे के भीतर ये फोन पर अन्य नेटवर्क ऑपरेटर्स को ब्लॉक कर देता है। अगर बाद ने इस फोन का उपयोग करने का प्रयास किया गया तो जिनके नाम का सिम कार्ड लगाया गया है उसके नाम-पते के साथ लोकेशन संबंधी जानकारी लॉ इन्फोर्समेंट एजेंसी को मिल जाएगी। जिसे शिकायत करने वाले और पुलिस को शेयर किया जाएगा। पुलिस के सीसीटीएनएस पोर्टल में सीधे जानकारी जाएगी। वहां से साइबर सेल तक सूचना पहुंचेगी। उसके बाद पुलिस लोकेशन पर छापा मारकर मोबाईल जब्त करेगी, और आवश्यक कार्यवाही करेगी।

ये पोर्टल जो ढूंढेगा आपका मोबाइल – https://sancharsaathi.gov.in

पोर्टल में मोबाइल की जानकारी अपलोड करने ये भी जरूरी :

  • आपके मोबाइल का बिल
  • मोबाइल का आईएमआई नंबर
  • पुलिस में दर्ज केस की कॉपी

30 थानों में हर दूसरे दिन एक अर्जी :
राजधानी के 30 थानों में औसतन हर दूसरे दिन एक मोबाइल गुम, चोरी या लूट की शिकायत दर्ज करायी जा रही है। यानी हर रोज औसतन 15 मोबाइल चोरी या गुम हो रहे हैं। थानों में शिकायत दर्ज करने के बाद उसे जांच के लिए साइबर सेल भेजा जाता है। सेल के माध्यम से मोबाइल की हाईटेक तरीके से तलाश की जाती है। पिछले माह 151 लोगों का फोन पुलिस ने ढूंढ़कर लौटाया है। एक दर्जन मोबाइल लूट का भी खुलासा किया है।

आधार से पता चलेगा कितने सिम जारी हुए :
आपके आधार कार्ड को चुराकर किसी ने मोबाइल सिम तो निकलवा नहीं लिया है? ऐसा करने वाला आपके नाम के सिम का दुरुपयोग तो नहीं कर रहा है? यानी आपके नाम से कितने सिम चल रहे हैं, ये भी खुद देख सकते हैं। इसके लिए आपको पोर्टल में आधार नंबर डालना होगा। इसके अलावा दूरसंचार में आने वाली दिक्कतों से संबंधित शिकायत भी कर सकते हैं। जैसे नेटवर्क आदि की समस्या।

मोबाइल तलाश करने में मिलेगी मदद :
साईबर सेल के टीआई गौरव तिवारी का कहना है टेलिकॉम कंपनी के नए पोर्टल की मदद से मोबाइल तलाश करने में दिक्कत नहीं होगी। अभी कई मोबाईल कंपनियों से संपर्क करना पड़ता है। इस पोर्टल से हमें सीधे जानकारी मिल जाएगी कि चोरी या गुम हुआ मोबाइल अभी कहां चल रहा है। उसी जानकारी के आधार पर मोबाईल खोजने की कार्यवाही की जायेगी।