कार और मेटाडोर में जोरदार भिड़ंत, कार के परखच्चे उड़े, एक व्यक्ति की खौफनाक मौत, तीन घायल।

जांजगीर-चांपा : तेज रफ़्तार वाहनों की दुर्घटनायें लगातार सामने आ रही है, इअसे ही जिले में सोमवार देर रात नेशनल हाईवे पर दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। यहाँ तिलई रोड स्थित चिंटू ढाबा के पास कार और मेटाडोर के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में कार में पीछे बैठे एक युवक की मौके पर मौत हो गई, जबकि उसके तीन साथी घायल हो गये। वहीँ घटना में मृतक की पहचान नागपुर निवासी गोपाल ठाकुर के रूप में हुई है। घटना को लेकर बताया जा रहा है कि सभी लोग केटरिंग के काम से संबलपुर (ओड़िशा) गये हुये थे और वहां से मारुति स्विफ्ट डिजायर कार में सवार होकर रायगढ़ होते हुए रायपुर लौट रहे थे। इसी दौरान यह दर्दनाक हादसा हो गया।

कार में महेश तातेवत, धर्मेंद्र कुर्मी और प्रवीण साखरे भी सवार थे, जिन्हें हादसे में चोटें आई हैं। सभी घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है। पुलिस ने मृतक के परिजनों को हादसे की सूचना दे दी। परिजनों के पहुंचने के बाद पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की जायेगी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया है कि घटना काफी भयानक थी, जिससे कार को भारी नुकसान पहुंचा है। घटना के बाद मौके पर काफी भीड़ जुट गई थी।