दुर्ग/भिलाई :महिला के चरित्र पर शक के चलते एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की हत्या कर दी। जानकारी मिली है कि पति-पत्नी के बीच आए दिन झगड़ा होता था। बुधवार देर रात व्यक्ति ने लोटे से महिला के सिर पर कई बार वार कर दिया। जिससे उसकी मौत हो गई। सुबह आरोपी खुद थाने पहुंचा और आत्मसमर्पण कर दिया। आरोपी के मुताबिक अगर वो पत्नी को नहीं मारता तो वो उसे जान से मार देती। जामुल पुलिस मामले की जांच कर रही है। जामुल थाना प्रभारी याकुब मेमन ने बताया कि घटना थाना क्षेत्र के लेबर कैंप एरिया के भागवत नगर में हुई है। यहां रहने वाले निवासी देवा साहू (42 साल) की पहली पत्नी की मौत के बाद उसने दूसरी शादी चमेली साहू (36 साल) के साथ हुई थी। देवा साहू की पहली पत्नी से एक बेटा और बेटी है। वो दोनों अलग रहते हैं। वहीं दूसरी पत्नी चमेली से एक बेटी लाकेश्वरी (11 साल) है।
लाकेश्वरी ने बताया कि वो 6वीं में पढ़ती है। पिता हर दिन शराब के नशे में घर आता है और मां के चरित्र पर आरोप लगाकर झगड़ा करता है। बुधवार रात लाइट नहीं होने से सभी लोग खाना खाकर कमरे के बाहर सोए थे। लाइट आने पर पिता ने बेटी को दादी के पास सोने के लिए भेज दिया। इसके बाद देर रात 1-2 बजे के बीच उसने पत्नी के सिर पर लोटे से कई वार किए, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद उसने सुबह-सुबह थाने में आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। जिसको लेकर पुलिस आगे की कार्यवाही कर रही है।
रात में हुआ भारी झगड़ा, लेकिन परिजनों को नहीं चला पता :
आरोपी ने बताया कि रात में उसका और उसकी पत्नी का काफी झगड़ा हुआ। मना करने के बाद भी पत्नी दूसरे के साथ संबंध रखना नहीं छोड़ रही थी। इससे दोनों पति-पत्नी हाथापाई में उतर आए। आरोपी का कहना है कि पत्नी ने उसके ऊपर जानलेवा हमला किया। इसके बाद उसने लोटा लेकर उसे सिर में वार किया तो वो मर गई। ऐसी जानकारी आरोपी ने पुलिस को दी , जिसको लेकर पुलिस जाँच कर रही है।