रायपुर : वैसे नल की चोरी कोई मायने नहीं रखती , लेकिन अगर वही नल पुरानी धरोहर हो तो उसकी कीमत से ज्यादा लोगों की उससे पुरातन भावनायें जुड़ जाती है, खबर है की छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के कोतवाली थाना क्षेत्र के बैरनबाजार स्थित फव्वारा चौक से चोरों ने ब्रिटिश कालीन 166 साल पुराने नल को चुरा लिया है। यह नल 1857 में लगाया गया था। घटना बुधवार तड़के पौने तीन बजे की है। इस पूरी चोरी की वारदात का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। नल चोरी होने की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय लोगों ने शिकायत कोतवाली थाने में की है। फिलहाल सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस जांच कर रही है। पुलिस चोरों की पतासाजी करने में लगी है, चोरों के पकड़ में आने के बाद ही इस मामले का खुलासा हो सकता है।
166 साल पुराने नल की यह थी खासियत :
स्थानीय रहवासियों के मुताबिक चोरों ने जिस नल को चोरी किया है। वह नल ब्रिटिश काल के समय शहर के एक दर्जन इलाकों में सार्वजनिक पानी सप्लाई करने के लिए लगाए गए थे। नल की खासियत यह थी नल का जो आकार था उसमें शेर का मुंह बना हुआ था, पानी शेर के मुंह से निकलता था। नल में मेड इन इंग्लैंड लिखा हुआ था। लोहे की बजाय किसी अन्य धातु से बना हुआ था। इस तरह के नल बैरनबाजार के अलावा बूढ़ापारा, पुरानी बस्ती, लोहार चौक जैसे अन्य जगहों पर लगाया गया था। इस नल की कीमत काफी ज्यादा हो सकती है, लेकिन उससे भी ज्यादा जरुरी यह एक इतिहास से जुड़ी वस्तु है, जिसको लेकर मोहल्लेवासियों ने पुलिस में शिकायत की है।
घटना का सीसीटीवी फुटेज आया सामने :
सीसीटीवी फुटेज में आप देख सकते हैं कैसे बाईक में सवार हो कर कुछ लोग आए और नल को चोरी करके ले गए। एक व्यक्ति बाईक को चालू कर के बाईक पर ही बैठा था, वहीं चार लोग मिलकर नल को निकालते हुए नजर आ रहे हैं। जैसे ही नल को निकाल लिया तत्काल ही सभी आरोपी देरी किए बिना रफूचक्कर हो गए। बता दें कि सीसीटीवी फुटेज में सभी आरोपियों के चेहरे नजर आ रहे हैं। अब पुलिस सीसीटीवी में दिख रहे आरोपियों की तलाश करने में जुट गई है। जल्द ही पुलिस द्वारा उन्हें पकड़ लिया जायेगा।