अमृतसर (पंजाब) : राज्य की पुलिस ने पाकिस्तान के ड्रग नेटवर्क को बड़ा झटका दिया है। अमृतसर पुलिस ने सप्ताह भर पहले 15 किलो हेरोइन जब्त की थी। पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने कहा कि अमृतसर में काउंटर इंटेलिजेंस ने हेरोइन जब्त करने के साथ ही सात ड्रग तस्करों को भी गिरफ्तार किया था। उन्होंने कहा कि ड्रोन का इस्तेमाल कर पाकिस्तान से सीमा पार तस्करी की जा रही थी। पाकिस्तानी तस्करों द्वारा भारतीय सीमा में हेरोइन की तस्करी लगातार जारी है। इस बीच पंजाब पुलिस भी लगातार पाक तस्करों की कोशिश को नाकामयाब कर रही है। पंजाब पुलिस के स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सैल (SSOC) फाजिल्का ने 105 करोड़ की खेप को जब्त करने में सफलता हासिल की है, जबकि एक भारतीय तस्कर भी गिरफ्त में आया है। सीमापार से आने वाली ड्रग्स पर पंजाब पुलिस लगातार निगाह बनाकर रखी हुई है। ज्ञात हो कि पाकिस्तान की अधिकतर ड्रग्स का कारोबार भारत में ही होता है।
15 किलो हेरोइन बरामद :
डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि सीमा पार से मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले नेटवर्क के खिलाफ खुफिया अभियान के तहत SSOC फाजिल्का ने एक मादक पदार्थ तस्कर को गिरफ्तार कर लिया है। तस्कर से पुलिस ने 15 किलोग्राम हेरोइन बरामद की है। भारतीय तस्कर इस खेप को भूसे से भरी ट्रॉली में छिपा कर ले जा रहा था। डीजीपी गौरव यादव ने कहा कि बॉर्डर पार से चल रही हेरोइन तस्करी की चेन को लगातार पंजाब पुलिस तोड़ने में लगी हुई है। इस तस्करी में यहाँ के लोग भी लगे हुये है, पुलिस की कार्यवाही भी लगातार जारी है।
डेढ़ महीने में 147 किलो हेरोइन बरामद हुई है :
पिछले 45 दिनों में SSOC फाजिल्का ने 147 किलोग्राम हेरोइन बरामद की है। NDPS एक्ट के तहत पुलिस स्टेशन सदर फाजिल्का में मामला दर्ज करके कार्यवाही शुरू कर दी है। वहीं, पकड़े गए आरोपी से पूछताछ जारी है। जल्द ही आरोपी से पाकिस्तानी तस्करों और आगे की खेप कहां पहुंचानी थी, इस बारे में पूछताछ की जा रही है। जानकारी हासिल होते ही पुलिस आरोपियों पर शिकंजा कसेगी, पाकिस्तानी ड्रग्स पंजाब में काफी तस्करी होती है। यहाँ से देश के अन्य क्षेत्रों में भी सप्लाई की जाती है।