राजनंदगांव : जिले में 15 साल के नाबालिग लड़के का अपहरण कर उसके माता-पिता से 50 हजार रुपए की फिरौती मांगने का मामला सामने आया है। नाबालिग के दो दोस्तों ने ही वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने सोमवार को दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। यह मामला लालबाग थाना क्षेत्र का है। जहाँ मामले में पुलिस ने 12 घंटे के भीतर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से फिरौती की रकम और एक मोटरसाइकिल जब्त किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोमवार रात को लालबाग थाने में पिता ने अपने 15 साल के बेटे के अपहरण की शिकायत दर्ज कराई थी। उसने बताया कि उसके 2 दोस्त गनवीर उर्फ रोहन और विवेक मसीह उसके बेटे को घर से बाइक पर बिठाकर ले गए थे। काफी देर तक जब बेटा वापस नहीं लौटा, तो उनकी पत्नी ने उसे कॉल किया, लेकिन वो कनेक्ट नहीं हो पाया। परेशान होकर उसने ये बात पति को बताई, कि नाबालिग के दो दोस्त उसे अपने साथ ले गये है।
अपहरणकर्ता युवकों ने नाबालिग के पिता को कॉल कर मांगी फिरौती :
पैसों की लालच में दो युवकों ने एक 15 साल के लड़के का अपहरण कर लिया था, वह उन्हीं का दोस्त बताया जा रहा है, आरोपियों ने लड़के के परिजनों से 50 हजार फिरौती की मांग की थी, ये पूरा मामला जिले के लालबाग थाना क्षेत्र का है। लालबाग थाना क्षेत्र के रेवाडीह इंदामरा में रविवार रात 10 बजे 15 साल के नाबालिग को रोहन और विवेक नाम के दो युवकों ने पहले घर से बाहर बुलाया, फिर दोनों आरोपियों ने किशोर को अपने कब्जे में ले लिया। पहले लड़के को बायपास रोड में ले जाकर उसके साथ मारपीट की, उसके बाद लड़के की मां को फोन लगाकर 50 हजार रुपए फिरौती की मांग की।
किडनैपर्स ने प्रार्थी की पत्नी को फोन कर कहा कि उन्हें 50 हजार रुपए कैश चाहिए, नहीं तो तुम्हारे बेटे को जान से मार देंगे। आरोपियों ने इंदामरा के पास पैसा लेकर आने के लिए कहा था। दोनों पति-पत्नी काफी डर गए और 50 हजार रुपए नगद लेकर एबीस कंपनी इंदामरा के पास पहुंचे। उन्होंने दोनों आरोपियों रोहन और विवेक को 50 हजार रुपए दिए, तब दोनों ने उसके नाबालिग बेटे को उन्हें सौंप दिया। इसके बाद दोनों आरोपी अपनी बाईक से फरार हो गए।
बेटा घर पहुँचने के बाद परिजनों ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई :
बेटे को सकुशल घर लौटा लाने के बाद पीड़ित पिता लालबाग थाने पहुंचे और वहां आरोपी गनवीर उर्फ रोहन (22) और विवेक मसीह (22) के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज कराया। प्रार्थी की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर पुलिस दोनों आरोपियों की तलाश में जुटी थी। इसके लिए साईबर सेल की भी मदद ली जा रही थी। 12 घंटे के अंदर पुलिस को सफलता मिली और दोनों आरोपियों को सोमवार को उनके घर से गिरफ्तार कर लिया गया। रोहन से 30,000 रुपए और विवेक मसीह से 20,000 रुपए और बाईक भी जब्त की गई है। दोनों आरोपियों को सोमवार को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।