सौरभ चंद्राकर ने शाही शादी पर लुटाये थे 200 करोड़ से ज्यादा, बारातियों को यूएई ले जाने के लिये किराये पर लिया था निजी जेट। शादी में शामिल हुये थे ये बड़े फ़िल्मी सितारे।

रायपुर : महादेव एप्प को लेकर राज्य पुलिस से शुरू कार्यवाही ED तक पहुंची है अब खबर है कि सटोरियों से जुड़े लोगों की 417 करोड़ की संपत्ति जब्त की है। ऑनलाईन सट्टा एप महादेव बुक के मुख्य आरोपी सौरभ चंद्राकर ने फरवरी 2023 में यूएई में शादी की थी और इस समारोह के लिए महादेव एप के प्रमोटरों ने लगभग 200 करोड़ रुपये खर्च किए। परिवार के सदस्यों के अलावा छत्तीसगढ़ से लगभग 200 लोगों को नागपुर से यूएई तक ले जाने के लिए निजी जेट किराए पर लिए गए थे। वेडिंग प्लानर, डांसर, डेकोरेटर आदि को मुंबई से काम पर रखा गया था और नकद भुगतान करने के लिए हवाला का उपयोग किया गया था। शादी में पानी की तरह पैसा बहाया गया था।

प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने शुक्रवार को एक बयान जारी कर यह जानकारी दी है। ईडी ने बताया है कि इस मामले में कोलकाता, मुंबई व भोपाल आदि शहरों में कार्यवाही करते हुए अब तक 417 करोड़ रुपये की आय को फ्रीज या जब्त कर लिया गया है। महादेव एप के मुख्य संचालक भिलाई निवासी सौरभ चंद्राकर और रवि उप्पल हैं। दोनों अभी देश से बाहर है।

ईडी ने महादेव एप के विरुद्ध पहली कार्यवाही रायपुर में की थी, जिसमें निलंबित एएसआइ चंद्रभूषण वर्मा, सतीश चंद्राकर, हवाला कारोबारी सुनील दम्मानी और अनिल दम्मानी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। इनसे हुई पूछताछ के आधार पर ईडी ने रायपुर के जुबेस्ता हास्पिटल के संचालक डाक्टर दल्ला से भी घंटों पूछताछ की थी। कुछ आरोपी जमानत लेकर फरार हो गये है।

चारों आरोपियों से मिले सबूत के आधार पर ही कोलकाता और मुंबई में हवाला कारोबारियों के यहां छापामार कार्यवाही की और नकदी रकम के साथ आभूषण जब्त किए। बता दें कि ईडी अब तक चार आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ 30 से ज्यादा लोगों से पूछताछ कर चुकी है। इसमें ED की कार्यवाही लगातार जारी है, अभी कई लोगों तक हाथ नहीं पहुंचा है, और भी आरोपी जल्द ही पकड़ में आयेंगे।

ईडी को यह सबूत मिला :

ईडी ने कहा कि उसके द्वारा एकत्र किए गए डिजिटल और ऑनलाईन सबूतों से पता चला है कि योगेश पोपट की एक इवेंट मैनेजमेंट कंपनी-आर-1 इवेंट्स प्राइवेट लिमिटेड को हवाला के जरिए 112 करोड़ रुपये दिए गए थे और 42 करोड़ रुपये की होटल बुकिंग में नकद में भुगतान किया गया था। इसमें यह भी कहा गया कि पोपट, मिथिलेश और अन्य जुड़े आयोजकों के यहां तलाशी के दौरान 112 करोड़ रुपये की हवाला राशि की प्राप्त करने के संबंधित सबूत सामने आए। ईडी ने दावा किया है कि इसके बाद, पोपट द्वारा नामित आंगड़िया पर तलाशी ली गई और 2.37 करोड़ रुपये की नकदी जब्त की गई है। जब्ती की कार्यवाही में भी तेजी लाने के संकेत है।

ED की जांच में यह आया सामने :

ईडी को जांच से पता चला है कि भिलाई के रहने वाले सौरभ चंद्राकर और रवि उप्पल महादेव ऑनलाईन बुक के मुख्य संचालक हैं और दुबई से संचालन कर रहे हैं। इसमें कहा गया है कि महादेव ऑनलाईन बुक संयुक्त अरब अमीरात में एक केंद्रीय प्रधान कार्यालय से चलाया जाता है और अपने ज्ञात सहयोगियों को 70 से 30 प्रतिशत लाभ पर पैनल या शाखाओं की फ्रेंचाइजी देकर संचालित होता है। इसमें काफी लोग जुड़े हुये है।

भोपाल में रैपिड ट्रैवल्स के यहां छापे :

ईडी ने कहा कि कई मशहूर हस्तियां महादेव बुक एप का समर्थन कर रही हैं और संदिग्ध लेनदेन के माध्यम से मोटी फीस के बदले में उनके कार्यों को अंजाम दे रही हैं, जिसमें कई बड़े नेता और व्यापारी भी जुड़े हुये है। एजेंसी ने भोपाल में धीरज आहूजा और विशाल आहूजा के रैपिड ट्रैवल्स के यहां पर भी तलाशी ली। ईडी ने कहा कि कंपनी महादेव एप के प्रमोटरों, परिवार, व्यावसायिक सहयोगियों और यहां तक कि उन मशहूर हस्तियों के लिए पूरे टिकटिंग संचालन के लिए जिम्मेदार थी।

कई फिल्मी हस्तियां शादी में हुईं थीं शामिल :

प्राप्त जानकरी के अनुसार ईडी ने बताया कि साल की शुरुआत के समय फरवरी में सौरभ चंद्राकर ने दुबई में आयोजित भव्य शादी में 200 करोड़ रुपये खर्च किए थे। इस शादी में टाइगर श्राफ, सनी लियोनी, नेहा कक्कड़, आतिफ असलम, राहत फतेह अली खान, विशाल ददलानी, भारती सिंह, एली अव्राम, भाग्यश्री, कीर्ति खरबंदा समेत कई हस्तियां शामिल हुईं थीं। इन सितारों को दुबई लाने के लिए निजी विमान लगाए गए थे। इसके साथ ही शादी में शामिल होने के लिए मशहूर सितारों को अपराध की आय में से भुगतान किया गया था।