कल से फिर एक्टिव होगा मानसून, गरज-चमक के साथ पड़ेंगी बौछारें, ऐसा रहेगा मौसम….।

रायपुर : सप्ताह भर से मानसून को ब्रेक लगा हुआ है, अब फिर मानसून सक्रीय होने वाला है, अब एक बार फिर से मानसून के सक्रिय होने की संभावना है। बुधवार से मानसूनी गतिविधियां एक बार फिर से तेज होंगी। एक से दो दिनों में अच्छी बारिश की संभावना जताई गई है। आज भी कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। सोमवार को प्रदेश के ज्यादातर जिलों में आसमान साफ रहा और तेज धूप रही। जिससे लोगों को उमस भरी गर्मी परेशान करने लगी। मौसम विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक उत्तर बंगाल की खाड़ी में नया सिस्टम बन रहा हैं। इसलिए बुधवार को प्रदेश में फिर से मानसून के सक्रिय होने के आसार है। इधर कुछ दिनों से मौसम का तापमान बढ़ गया है और लोग गर्मी से परेशान हो रहे है।

सोमवार को प्रदेश में सबसे ज्यादा तापमान 36.3 डिग्री सेल्सियस धमतरी में था। इसके बाद बिलासपुर में 35.4, मुंगेली 34.5, राजनांदगांव 34, महासमुंद 33.7, रायपुर 33.5, जांजगीर 33.4, जगदलपुर 33, दुर्ग 32.6, कोरबा 32.4 और अंबिकापुर में 30.2 डिग्री तापमान रहा।

बीते 24 घंटे में कैसा रहा मौसम :

मंगलवार को प्रदेश के ज्यादातर जिलों में तेज धूप रही। उत्तर छत्तीसगढ़ यानी बस्तर संभाग और दक्षिण यानी सरगुजा संभाग के कुछ जिलों में बादल छाए रहे लेकिन बारिश कहीं भी नहीं हुई। बारिश ना होने के कारण मौसम का तापमान बढ़ा हुआ रहा, जानकारी के मुताबिक प्रदेश में केवल बलरामपुर जिले के कुसमी में 37 मिलीमीटर और जशपुर के कांसाबेल में 18.6 मिलीमीटर बारिश हुई बारिश रिकॉर्ड की गई है।

प्रदेश के 3 जिलों में हुई औसत से ज्यादा बारिश, 9 में कमी दर्ज की गई :

बीते दिनों हुई बारिश के बाद प्रदेश के ज्यादातर जिलों में मानसून का कोटा फुल हो गया है। 1 जून से 18 सितम्बर तक छत्तीसगढ़ के 4 जिलों में इस सीजन में औसत से ज्यादा बारिश रिकॉर्ड की गई है जबकि 9 जिले ऐसे हैं जहां कम बारिश हुई है।

जाने कैसे रहेंगे अगले 24 घंटे :

इन जिलों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना

जशपुर, बलरामपुर, रायगढ़, जांजगीर, बलौदाबाजार, गरियाबंद, धमतरी, महासमुंद, बस्तर, कोंडागांव, कांकेर, बीजापुर और नारायणपुर।

इन शहरों में मौसम साफ रहेगा :

सरगुजा, कोरिया, सूरजपुर, पेण्ड्रा, बिलासपुर, मुंगेली, कोरबा, रायपुर, दुर्ग, बालोद, बेमेतरा, कबीरधाम, राजनांदगांव, दंतेवाड़ा,सुकमा

क्या कहते हैं मौसम विशेषज्ञ :

मौसम विशेषज्ञ एचपी चंद्रा ने बताया कि एक ऊपरी हवा का चक्रवात उत्तर-पूर्व बंगाल की खाड़ी और उससे लगे पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर 5.8 किलोमीटर ऊंचाई तक फैला है। इसके प्रभाव से अगले 48 घंटे में एक निम्न दाब का क्षेत्र उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उसके आसपास बनने की संभावना है। मानसून द्रोणिका मध्य समुद्र तल पर जैसलमेर, अजमेर, शिवपुरी, सीधी, डाल्टनगंज, दीघा और उसके बाद दक्षिण-पूर्व की ओर पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी तक फैला है। आज प्रदेश में एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने की संभावना है। हालाँकि भारी बारिश की उम्मीद नहीं है।