एक्टर से नेता बने अनुज शर्मा का विरोध, लोगों ने जलाये पुतले और कहा ये….।

रायपुर : छत्तीसगढ़ में इस समय एक जन आन्दोलन बन गया है कि हर क्षेत्र में छत्तीसगढ़िया को प्राथमिकता देना है, इसी मुद्दे पर ​​धरसींवा क्षेत्र में एक्टर से भाजपा नेता बने अनुज शर्मा का विरोध हो गया। कुछ स्थानीय लोगों ने अनुज शर्मा का पुतला दहन किया। बाहरी भगाओ, धरसींवा बचाओ के नारे भी लगाए गए। यह सारा बवाल विधानसभा टिकट के हल्ले की वजह से है। एक दिन पहले भाजपा के संभावित प्रत्याशियों की सूची मीडिया में सामने आई। इसके बाद अब यह प्रतिक्रिया देखने को मिली है। खास बात ये है कि भाजपा नेता अनुज शर्मा का धरसींवा में जो विरोध देखने को मिला उसके पीछे भाजपा नेताओं का ही हाथ है, ऐसा माना जा रहा है।

वहीँ मंगलवार की शाम कुछ ग्रामीण जुटे और उन्होंने अनुज शर्मा का पुतला जलाकर नारेबाजी की। इनमें कुछ भाजपा के कार्यकर्ता भी शामिल थे। स्थानीय भाजपा कार्यकर्ताओं ने अनुज शर्मा के खिलाफ प्रदर्शन किया। कुछ महीने पहले ही भाजपा में शामिल हुए एक्टर शर्मा को विधानसभा चुनाव लड़ाने की चर्चा है, जिसको लेकर पुराने कार्यकर्त्ता नाराज है।

‘मुझे कुछ नहीं कहना’ : अनुज शर्मा :

एक्टर अनुज शर्मा से धरसींवा इलाके में हुए विरोध प्रदर्शन के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने मीडिया से यह कह दिया कि उन्हें इस मामले पर कोई प्रतिक्रिया नहीं देनी है। उन्होंने इस मुद्दे से किनारा कर लिया।

इधर कार्यकर्ताओं को डर, उनका क्या होगा:

धरसींवा में इस वक्त कांग्रेस की अनिता शर्मा विधायक है। स्थानीय भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच इस बात की चर्चा है कि उनका क्या होगा, क्योंकि पार्टी कुछ महीने पहले ही संगठन में आए अनुज शर्मा को चुनावी मौका दे सकती है। इससे कार्यकर्ताओं में नाराजगी भी है। कार्यकर्ताओं ने पुराने जमीनी नेताओं को किनारे कर नये शामिल को मौका दिया है, इससे पुराने लोगों के अन्दर भय पैदा हो गया है कि उनका क्या होगा? इस बात से उनमें नाराजगी पनप रही है।

जल्द जारी हो सकती है सूची:

इधर 1 अक्टूबर को दिल्ली में केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक हुई। इस बैठक में छत्तीसगढ़ के नेता भी शामिल थे। इस बैठक के बाद ही यह नाम सामने आया कि धरसींवा से अनुज शर्मा को विधानसभा की टिकट दी जा सकती है। हालांकि यह फिलहाल सिर्फ संभावनायें हैं, पार्टी ने आधिकारिक सूची जारी नहीं की है जल्द ही सूची को जारी किया जा सकता है। आधिकारिक सूची पर सभी की लगातार निगाह बनी हुई है।

सिर्फ अनुज ही नहीं अन्य प्रत्याशियों का भी विरोध:

अनुज शर्मा का नाम संभावित होने के बाद ऐसे हालत देखने को मिले। दूसरी तरफ इससे पहले 21 प्रत्याशी के नाम भारतीय जनता पार्टी घोषित कर चुकी है। इनमें से कई प्रत्याशियों का पुरजोर विरोध हो रहा है । प्रबोध मिंज, राजिम में रोहित साहू और सरायपाली से भाजपा प्रत्याशी सरल कोसरिया का क्षेत्र के ही भाजपा पदाधिकारियों ने विरोध किया है, जिससे निपटने की कोशिश भाजपा कर रही है। दूसरी तरफ अलग-अलग समाज भी सामाजिक प्रत्याशियों के नाम पर लगातार पार्टी पर दबाव बनाने में लगे हुये है।