1000 बोतल अंग्रेजी शराब इस क्षेत्र में मिली सड़क किनारे, जांच में जुटी पुलिस।

अटल नगर : चुनाव नजदीक होने के कारण पुलिस पूरी तरह से मुस्तैद है, खबर मिली है कि छत्तीसगढ़ के नवा रायपुर में सड़क किनारे लावारिस हालत में एक हजार बोतल अंग्रेजी शराब मिली है। बताया जा रहा है कि ये शराब अवैध तरीके से इस क्षेत्र में लाई गई थी। लेकिन पुलिस की मुस्तैदी की वजह से आरोपी उसे फेंककर भाग निकले। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। राखी थाना क्षेत्र के खंडवा गांव में सड़क से जा रहे एक शख्स को करीब 20 कार्टून संदिग्ध हालत में पड़े नजर आए। शक हुआ तो उसने पुलिस को सूचना दे दी। जिसके बाद पुलिस, एंटी क्राइम टीम और साइबर यूनिट के अफसर फौरन मौके पर पहुंच गए, और तहकीकात शुरू की। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

केस दर्ज, आरोपी की तलाश जारी:

इसके बाद राखी थाना पुलिस ने कार्टून से अंग्रेजी शराब से भरी एक हजार बोतलों को जब्त कर लिया है। इसकी कीमत डेढ़ लाख रुपए से ज्यादा बताई जा रही है। पुलिस ने आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर तस्करी से जुड़े लोगों की तलाश शुरू कर दी है। मामले में एक पहलू ये भी सामने आ रहा है कि तस्कर अवैध शराब को कहीं खपाने ले जा रहे थे। लेकिन शहर के अंदरूनी इलाकों में हो रही सघन चेकिंग के दौरान उन्हें अपने पकड़े जाने का डर था। इसलिए कोई रास्ता नहीं सूझा तो वो नवा रायपुर के सुनसान इलाके में शराब के कार्टून फेंककर भाग गये। उन्होंने यह माल यहाँ कब और कैसे रखा और कहाँ भाग गये, ये लोग कहाँ से माल ला रहे थे, पुलिस इसकी पतासाजी कर रही है।

दूसरी तरफ बाप-बेटे स्कॉर्पियो में अवैध शराब की डिलीवरी करते पकड़ाये :

इधर राजधानी के कबीर नगर थाना पुलिस ने अवैध शराब के साथ एक बाप बेटे को गिरफ्तार किया हैं। इनके पास से पुलिस ने साढ़े 8 लाख रुपए की अवैध शराब और गाड़ी जब्त की है। दरअसल पुलिस को 6 सितंबर की रात टीप मिली कि दो व्यक्ति शराब लेकर टाटीबंध से हीरापुर की तरफ आ रहे हैं। जिसके बाद पुलिस ने मुस्तैद होकर कड़ी नाकेबंदी कर दी। स्कॉर्पियो में बैठा ड्राइवर पुलिस को देखकर गाड़ी तेजी से भगाने लगा। उसके पीछे पेट्रोलिंग की गाड़ियां भी लगाई गई। जिसके बाद कुछ दूरी में ओवरटेक करके आरोपियों को रुकवाया गया। इसके बाद उन्हें पकड़ लिया गया और माल के साथ गाड़ी भी जब्त कर ली गई।