कन्नौज (उ.प्र.) : घर में शादी थी औ अचानक आग लग गई, घर वालों को कुछ सूझता इसके पहले ही शादी का सामान बचाने पिता – पुत्र आग में कूद पड़े। यह घटना कन्नौज जिले के छिबरामऊ में एक घर में आग लगने से लाखों रुपये के सामान के जलकर खाने होने की है। वहीं पिता-पुत्र की आग की चपेट में आने से मौत हो गई। छिबरामऊ कोतवाली नगर के मोहल्ला लाहोरी टोला निवासी असलम पुत्र नाथू खां के घर बीती रात शॉर्ट सर्किट से आग लग गई थी। देखते ही देखते आग ने भयंकर रूप ले लिया। भीषण आग लग जाने से अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आग कैसे और किन कारणों से लगी अभी कोई पता चल नहीं सका है। वहीं फिलहाल पुलिस शॉर्ट सर्किट होने की वजह मान रही है।पुलिस घटना को लेकर जांच कर रही है।
19 अक्टूबर को थी बेटी की शादी :
बताया जा रहा है कि 19 अक्टूबर को मृतक असलम खान की बेटी की शादी थी। पूरा परिवार शादी की तैयारी में जुटा था। जिस कमरे में आग लगी वहां बेटी की शादी का सामान संजोकर रखा गया था। उस कमरे से पिता और पुत्र दोनों ने सामान निकालने का प्रयास किया इसी के चलते दोनों झुलस गए। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची। फायर ब्रिगेड की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, वहीं घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां पर पिता-पुत्र असलम खां और आशू खां ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। काफी दिनों से बेटी की शादी के लिये परिवार सामान इकठ्ठा कर रहा था, जहाँ कुछ ही दिनों में शादी की रस्में होनी थी वहां मातम छा गया। इस घटना के बाद परिवार गमगीन है।
मातम में बदली खुशियां
इस भीषण अग्निकांड में पिता पुत्र की मौत से पूरे परिवार की खुशियां मातम में बदल गई। वहीं, छिबरामऊ एसडीएम उमाकांत तिवारी ने मौके पर पहुंचकर अग्निकांड में हुए नुकसान का आकलन किया उन्होंने कहा कि मृतकों के ई-श्रम कार्ड होने पर शासन स्तर से आर्थिक मदद की जायेगी। इधर बेटी की शादी को लेकर परिजन असमंजस में है और घटना से गमगीन भी है, ख़ुशी के मौके परिवार के दो सदस्यों की मौत का सदमा परिजनों को लगा है।