रायपुर : राजधानी में लगातार गांजे और नशीली वस्तुओं की तस्करी हो रही है, तस्कर बेख़ौफ़ होकर इन चीजों की तस्करी कर रहे है, ऐसा कोई दिन नहीं जिस दिन पुलिस के हत्थे कोई नशा तस्कर पकड़ा ना गया हो, अब पुलिस ने दिल्ली के एक गांजा डीलर को गिरफ्तार किया है। आरोपी अपने बैग में गांजा भरकर ग्राहक की तलाश कर रहा था। तभी पुलिस ने उसे घेरकर पकड़ लिया। आरोपी के पास से डेढ़ लाख रुपये का गांजा बरामद हुआ है। यह पूरा मामला गंज थाना क्षेत्र का है।
पुलिस की एन्टी क्राइम और साईबर इकाई के नारकोटिक्स सेल को 5 अक्टूबर को सूचना मिली थी कि रेलवे स्टेशन के गेट नंबर 2 पर एक व्यक्ति अपने पास बैग रखा हुआ है। वो संदिग्ध तरीके से आसपास मौजूद लोगों से बातचीत कर रहा था। इसके बाद पुलिस की टीम मौके पर भेजी गई और उसे दबोच लिया गया। उसके पास से गांजा बरामद किया गया और पुलिस उससे पूछताछ करने लगी। पुलिस को पूछताछ में उसने अपना नाम नीरज कुमार जाटव दिल्ली निवासी होना बताया। उसके बैग की तलाशी लेने पर डेढ़ लाख रुपए कीमत का 14 किलो गांजा बरामद हुआ। गंज पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
रायपुर SSP ने दिए है निर्देश :
रायपुर SSP प्रशांत अग्रवाल ने सभी अफसरों और थाना प्रभारियों को निर्देश दिए है कि नशे का काला कारोबार करने वाले लोगों पर सख्त एक्शन लेकर कानूनी कार्यवाही की जाये। इसके लिए उन्होंने एंटी क्राइम और साईबर यूनिट को भी अलर्ट किया है। पुलिस लगातार नशे के सौदागरों की धरपकड़ कर रही है।
हेरोइन और चरस के साथ 4 लोग गिरफ्तार :
SSP के निर्देश के चलते थानों की पुलिस इस कारोबार से जुड़े संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। पुलिस ने बीते दिनों पंजाब से हेरोइन लेकर आए 3 युवकों को गिरफ्तार किया था। डीडी नगर पुलिस ने भी चरस के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया था। नशे के सौदागर लगातार पुलिस के हत्थे चढ़ रहे है, इन मामलों में पुलिस को लगातार सफलता मिल रही है।



