नई सरकार बस इतने दिन दूर, दो चरणों में होगा मतदान, जाने पूरी जानकारी।

रायपुर : चुनाव आयोग ने सोमवार को छत्तीसगढ़ सहित पांच राज्यों में चुनाव की तारीखों की घोषणा कर दी है। छत्तीसगढ़ में इस बार 2 चरणों में चुनाव होंगे। पहले चरण में 7 नवंबर और दूसरे चरण में 17 नवंबर को मतदान होगा। चुनाव परिणामों की घोषणा 3 दिसंबर को हो जायेगी। ऐसे में आज से 55 दिन बाद प्रदेश को नई सरकार मिल जाएगी।

पहले चरण में 20 सीटों पर वोटिंग होगी जिसमें बस्तर की 12 और राजनांदगांव की 8 विधानसभा सीटें शामिल हैं। वहीं दूसरे चऱण में बाकी 70 सीटों पर मतदान होगा। छत्तीसगढ़ में चुनाव को लेकर राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से शाम 4.30 बजे ज्यादा जानकारी दी जायेगी। आयोग की बाकी जानकारी का इंतजार है।

चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने क्या कहा :

नई दिल्ली में चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने कहा कि, आपराधिक पृष्ठभूमि वालों को तीन बार अख़बार में अपनी जानकारी प्रसारित करानी होगी। वहीं राजनीतिक दलों को भी बताना पड़ेगा कि ऐसे प्रत्याशियों को टिकट देने के अलावा उनके पास कोई विकल्प नहीं था। अगर नहीं था तो क्यों?

उन्होंने कहा कि, छत्तीसगढ़ में कुल 2.03 करोड़ मतदाता हैं। इनमें 1.01 करोड़ पुरुष वोटर्स तो 1.02 करोड़ महिला वोटर्स हैं, जबकि 18 से 22 साल की आयु के 18.68 लाख मतदाता हैं। आदिवासी क्षेत्रों में स्पेशल पोलिंग बूथ बनाए जाएंगे। छत्तीसगढ़ में पिछली बार दो फेज में 12 और 20 नवंबर को वोटिंग हुई थी। रिजल्ट 11 दिसंबर को अनाउंस किया गया था। 18 दिसंबर को नई सरकार का शपथ ग्रहण हुआ था।

इस बार जोगी के बिना पहला चुनाव :

मंत्री टीएस सिंहदेव ने कहा कि, दिवंगत जोगी के सारे लोग कांग्रेस में आ चुके हैं। इसलिए इसका फायदा कांग्रेस को मिलेगा। बसपा गोंगपा अपने-अपने क्षेत्र में प्रभाव रखते हैं। बिलासपुर संभाग में बसपा है। गोंगपा का आदिवासी पर प्रभाव है लेकिन सरकार फिर से कांग्रेस की ही बनेगी।

पिछले चुनाव के आंकड़े :

प्रदेश में विधानसभा की कुल 90 सीटें हैं। पिछले चुनाव की बात करें तो पहले चरण में 18 सीटों पर 12 नवंबर और दूसरे चरण में 20 नवंबर को 72 सीटों पर मतदान कराया गया था। कांग्रेस ने 68 सीटों पर बड़ी जीत दर्ज कर सत्ता में वापसी की थी। जबकि 15 साल सत्ता में रही भाजपा 15 सीटों पर सिमट गई थी। इसके बाद हुए उपचुनाव में भाजपा के पास 14 रह गई, जबकि कांग्रेस की तीन सीटें बढ़कर 71 पहुंच गई। इस समय के हिसाब से कांग्रेस बढ़त में है, जबकि भाजपा का जनाधार ग्रामीण क्षेत्रों में काफी कम है।

फर्स्ट टाइम वोटर्स बढ़े

https://www.youtube.com/watch?v=ts6cT1FTauM

प्रदेश में 18 से 19 की उम्र के 7 लाख 23 हजार 771 ऐसे मतदाता होंगे, जो पहली बार वोट करेंगे। पहली लिस्ट में इनकी संख्या 4 लाख 25 हजार 698 थी, इनमें 2 लाख 98 हजार 073 मतदाता बढ़े हैं, जबकि 18 से 22 साल के पहली बार वोट देने वालों की संख्या 18 लाख 68 हजार 636 हैं।

पुरुषों के मुकाबले प्रदेश में बढ़ीं महिलाएं :

विधानसभा चुनाव में 2 करोड़ 3 लाख 60 हजार 240 वोटर मिलकर नई सरकार चुनेंगे। संख्या बल में पुरुषों की तुलना में महिलाएं आगे बढ़ गई हैं। पुरुषों के 1003 वोटर हैं तो आनुपातिक तौर पर महिला वोटरों की संख्या 1012 महिला वोटर हैं। इसी तरह, इस बार चुनाव में पहली बार वोटर करने वाले (18-22 साल) युवाओं की संख्या 18.68 लाख से अधिक है। इनमें 18 से 19 साल वाले वोटर 7 लाख 23 हजार हैं। इधर आज – कल में अचार संहिता लगने की सम्भावना है।