राज्य के 300 बुजुर्ग माता पिताओं को निःशुल्क तीर्थयात्रा कराएगी बढ़ते कदम संस्था।

रायपुर : बढ़ते कदम ने समाजसेवी संस्थाओं के साथ मिलकर बुजुर्गों को तीर्थयात्रा करवाने का निर्णय लिया है, जिसमें दीवाली के पश्चात 14 नवंबर से 17 नवंबर तक रायपुर को छोड़कर पूरे छतीसगढ़ प्रदेश के 13 शहरों से सभी समाजजनों से 300 चयनित अल्पआय वर्ग के कम से कम 60 वर्ष आयु वर्ग के बुजुर्ग माता पिताओं को देवधाम जगन्नाथ पुरी-भुवनेश्वर की तीर्थयात्रा कराई जाएगी। उक्त आशय की जानकारी मीडिया प्रभारी राजू झामनानी एवं यात्रा प्रभारी सुनील नारवानी ने प्रेषित की। संस्था संयोजक इंद्र कुमार डोडवानी एवं प्रभारी अमर लखवानी नें विस्तृत जानकारी दी कि – संस्था द्वारा पिछले 12 वर्षों से रायपुर शहर के सभी समाज से चयनित लगभग 300 ऐसे बुजुर्ग माता पिताओं को एकाकीपन से दूर रखने एवं अपने धर्म व संस्कृति से जोड़ने के उद्देश्य से निःशुल्क तीर्थयात्रा कराई जाती रही है,जो अपने खर्च पर तीर्थयात्रा नहीं कर पाते हैं,या जिनके बच्चे उन्हें अपनी रोजी रोटी छोड़कर यात्रा पर नहीं ले जा सकते हैं ,ऐसे माता पिताओं के लिए संस्था के सदस्य अपने खर्चे पर उनके लिए श्रवण कुमार बनकर सेवा करते हुवे तीर्थयात्रा कराते हैं।

संस्था प्रवक्ता सुंदर बजाज व किशोर पंजवानी नें स्पस्ट किया कि- इस वर्ष की यात्रा में पूरे छतीसगढ़ के चुनिंदा शहरों से बुजुर्ग माता पिताओं को इसलिए यात्रा में शामिल किया जाएगा,क्योंकि उनके शहरों में ऐसी कोई संस्था नहीं है जो उनके लिए श्रवणकुमार बनकर तीर्थयात्रा करा सके,इसलिए वे भी वंचित ना रहें और उनके शहरों की समाजसेवी संस्थाएं भी प्रेरित होकर ऐसी निःशुल्क तीर्थयात्रा आगे कराने लगे। उक्त उद्देश्य को पूरा करने के लिए सभी शहरों की बढ़ते कदम शाखाओं के 2-2 सेवादारी भी साथ मे लिए जाएंगे,ताकि वे व्यवस्थाओं को समझकर भविष्य में अपने अपने क्षेत्रों के बुजुर्ग माता पिताओं के लिए श्रवणकुमार बन सकें। अगवान टीम से नँदलाल मुलवानी एवं जगदीश चंदनानी ने यात्रा की रूपरेखा के बारे में बताया कि – बुजुर्ग माता पिताओं के आने जाने,रहने,खाने,डॉक्टर टीम एवं हर प्रकार की सुविधाओं की बेहतर व्यवस्था हर बार की जाती रही है,इस बार भी अगवान टीम की 8 सदस्यीय टीम द्वारा सभी सुविधाओं की पूर्व तैयारियाँ पूरी कर ली गई हैं।